Published on 16/03/2026 03:39 PM
Rekha Jhunjhunwala Portfolio: रेखा झुनझुनवाला भारतीय शेयर बाजार की सबसे चर्चित निवेशकों में से एक हैं। वे दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला की पत्नी हैं और उनकी निवेश विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। 11 मार्च 2026 तक उनके पोर्टफोलियो में 27 शेयर हैं, जिनकी कुल वैल्यू करीब 45,860 करोड रुपये है।
दिलचस्प बात यह है कि उनके पोर्टफोलियो के दो शेयर हाल के महीनों में बड़ी गिरावट के बावजूद उन्होंने बेचे नहीं हैं। इससे कई निवेशकों का ध्यान इन कंपनियों की तरफ गया है। माना जा रहा है कि वे इन शेयरों में लंबी अवधि की ग्रोथ या संभावित टर्नअराउंड देख रही हैं।
Metro Brands
Metro Brands 1977 में स्थापित फुटवेयर और एक्सेसरी रिटेल कंपनी है। यह भारत के बड़े फुटवेयर रिटेल ब्रांड्स में शामिल है और पूरे परिवार के लिए कैजुअल से लेकर फॉर्मल फुटवेयर बेचती है। 11 मार्च 2026 तक कंपनी का मार्केट कैप करीब 25,870 करोड रुपये था। रेखा झुनझुनवाला इस कंपनी में करीब 10 प्रतिशत हिस्सेदारी रखती हैं, जिसकी वैल्यू लगभग 2,473 करोड़ रुपये है।
यह शेयर दिसंबर 2021 में करीब 470 रुपये पर लिस्ट हुआ था। 11 मार्च 2026 तक इसकी कीमत करीब 949 रुपये रही। यानी चार साल में इसमें 100 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आई है। हालांकि पिछले छह महीनों में इसमें बड़ी गिरावट आई है। शेयर 1,321 रुपये से गिरकर करीब 909 रुपये तक आ गया है, जो इसके 52 हफ्ते के निचले स्तर 890 रुपये के करीब है।
क्यों गिरा Metro Brands का स्टॉक?
पिछले पांच साल में कंपनी की बिक्री में करीब 16 प्रतिशत की सालाना कंपाउंड ग्रोथ हुई है। FY20 में बिक्री 1,285 करोड़ रुपये थी, जो FY25 में बढ़कर 2,507 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। हालांकि FY25 में कंपनी के मुनाफे में गिरावट आई। इसी वजह से निवेशकों की चिंता बढ़ी और शेयर में दबाव देखने को मिला।
एक और कारण कंपनी का तेज विस्तार है। Metro Brands तेजी से नए स्टोर खोल रही है। इससे भविष्य की ग्रोथ मजबूत हो सकती है, लेकिन फिलहाल किराया और कर्मचारियों के खर्च बढ़ने से मुनाफे पर दबाव पड़ रहा है। इसके अलावा BIS के नए गुणवत्ता नियमों के कारण कुछ विदेशी ब्रांड्स के आयात में भी रुकावट आई है, जिससे सप्लाई पर असर पड़ा है।
वैल्यूएशन के लिहाज से भी यह शेयर महंगा माना जाता है। फिलहाल यह करीब 66 गुना PE पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, इंडस्ट्री का औसत करीब 32 गुना है।
Jubilant Pharmova
1978 में स्थापित Jubilant Pharmova ग्लोबल फार्मा कंपनी है। कंपनी का काम फार्मास्युटिकल्स, कॉन्ट्रैक्ट रिसर्च और नई दवाओं के विकास जैसे कई सेगमेंट में फैला हुआ है। 11 मार्च 2026 तक कंपनी का मार्केट कैप करीब 13,039 करोड रुपये था। रेखा झुनझुनवाला के पास कंपनी में करीब 6.4 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसकी वैल्यू करीब 832 करोड रुपये है।
मार्च 2021 में इस शेयर की कीमत करीब 780 रुपये थी। 11 मार्च 2026 तक यह करीब 818 रुपये पर कारोबार कर रहा था। हालांकि पिछले छह महीनों में इसमें भी तेज गिरावट आई है। शेयर 1,125 रुपये से गिरकर करीब 840 रुपये तक आ गया है, जो इसके 52 हफ्ते के निचले स्तर 784 रुपये के करीब है।
गिरावट की वजह क्या है?
पिछले पांच साल में कंपनी की बिक्री में केवल 4 प्रतिशत की कंपाउंड ग्रोथ हुई है। FY20 में बिक्री 5,976 करोड़ रुपये थी, जो FY25 में बढ़कर 7,234 करोड करोड़ तक पहुंची।
हालांकि कंपनी अब जेनेरिक दवाओं से हटकर रेडियोफार्मास्युटिकल्स जैसे खास सेगमेंट पर फोकस कर रही है। इस बदलाव के कारण रिसर्च एंड डेवलपमेंट खर्च बढ़ा है और मुनाफे पर दबाव पड़ा है। इसके अलावा कुछ प्लांट्स से जुड़े USFDA के नियामकीय मुद्दों और बढ़ते कर्ज के कारण भी निवेशकों की चिंता बढ़ी है।
आगे के लिए क्या संकेत हैं?
Metro Brands और Jubilant Pharmova दोनों फिलहाल निवेश के दौर से गुजर रही कंपनियां हैं। बाजार अक्सर ऐसे समय में धैर्य खो देता है, क्योंकि नए निवेश का फायदा आने में समय लगता है। रेखा झुनझुनवाला का इन शेयरों में बने रहना यह संकेत देता है कि वे इन कंपनियों में लंबी अवधि की संभावनाएं देख रही हैं।
हालांकि निवेशकों के लिए असली सवाल यही है कि क्या ये कंपनियां अपने निवेश को मुनाफे में बदल पाएंगी। अगर ऐसा होता है तो आने वाले सालों में ये शेयर मजबूत रिटर्न दे सकते हैं। इसी वजह से कई निवेशक अपनी वॉचलिस्ट में इन दोनों शेयरों को शामिल कर रहे हैं।
Stock Market Trends : 23000-22800 के रेंज में आने पर निफ्टी में एक शॉर्प बाउंस बैक मुमकिन, पावर शेयरों में है दम
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।