News Image
Money Control

Reliance ने नहीं खरीदा रूस से तेल, इस रिपोर्ट के दावे को किया खारिज

Published on 06/01/2026 09:42 AM

रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने अपने जामनगर रिफाइनरी में रूस से तेल के आयात से जुड़े दावों को खारिज कर दिया। रिलायंस ने सख्ती से कहा कि ऐसी खबरें पूरी तरह से गलत हैं और कंपनी की छवि को खराब कर रही हैं। ब्लूमबर्ग न्यूज की एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए रिलायंस ने कहा कि उसे पिछले तीन हफ्तों में किसी भी प्रकार का रूसी तेल नहीं मिला है और न ही इस महीने रूस से कच्चे तेल की किसी डिलीवरी की कोई उम्मीद है। रिलायंस ने इस बात को लेकर भी निराशा जताई कि रिपोर्ट में इस दावे से उसके इनकार का भी जिक्र नहीं हुआ है। रिलायंस ने X (पूर्व नाम Twitter) पर ये बातें कहीं।

क्या कहा Reliance Industries ने

रिलायंस ने कहा कि न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में जो दावा किया गया था कि रूसी तेल से लगे तीन जहाज रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की जामनगर रिफाइनरी की तरफ बढ़ रहे हैं, वह गलत है। रिलायंस ने इस बात को लेकर भी निराशा जताई कि रिपोर्ट जब पब्लिश हो रही थी तो उस दौरान उसके खंडन को कथित तौर पर नजरअंदाज किया गया। कंपनी का कहना है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज की जामनगर रिफाइनरी को पिछले लगभग तीन हफ्तों में रूसी तेल की कोई खेप नहीं मिली है और जनवरी में भी रूस से कच्चे तेल के किसी डिलीवरी की कोई उम्मीद नहीं है। कंपनी ने इस बात को लेकर दुख जताया कि रिलायंस ने रूस से तेल की खरीदारी को लेकर भी इनकार किया था लेकिन उसके इस बयान को नजरअंदाज कर दिया गया और गलत रिपोर्ट प्रकाशित हुई, जिससे कंपनी की छवि धूमिल हुई।

क्या था रिपोर्ट में?

ब्लूमबर्ग ने 'शिप्स विद रशियन ऑयल सिग्नल रिलायंस प्लांट ऐज डेस्टिनेशन' शीर्षक से एक रिपोर्ट पब्लिश की थी। इसमें दावा किया गया था कि शिपिंग डिटेल्स के हिसाब से रूस से कच्चा तेल भारत के पश्चिमी तट की तरफ बढ़ रहा है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक रिलायंस के प्रवक्ता ने इस बात को लेकर इनकार किया था कि इन कार्गो को कंपनी ने खरीदा है और प्रवक्ता ने यह भी कहा था कि जनवरी में डिलीवरी के लिए रूस से कच्चे तेल की कोई खेप नहीं आने वाली है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।