News Image
Money Control

SAIL Q3 Results: शुद्ध मुनाफा 3 गुना बढ़कर ₹374 करोड़ रहा, रेवेन्यू भी 12% उछला, शेयरों पर रहेगी नजर

Published on 30/01/2026 09:25 PM

SAIL Q3 Results: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने शुक्रवार 30 जनवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का शुद्ध मुनाफा दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर करीब तीन गुना बढ़कर 374 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह आंकड़ा 142 करोड़ रुपये रहा था।

कंपनी के मुनाफे में यह तेज उछाल मुख्य रूप से ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार, इन्वेंट्री की आक्रामक बिक्री, बेहतर वॉल्यूम और लागत नियंत्रण उपायों के चलते आई। दिसंबर तिमाही के दौरान SAIL का रेवेन्यू भी 12 प्रतिशत बढ़कर 27,371 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 24,490 करोड़ रुपये रही थी।

ऑपरेशनल स्तर पर भी कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) 13 प्रतिशत बढ़कर 2,294 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो बाजार के जताए 2,151 करोड़ रुपये के अनुमान से बेहतर रहा। EBITDA मार्जिन 8.4 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल 8.3 प्रतिशत था और मार्केट एनालिस्ट्स के 7.9 प्रतिशत के अनुमान से भी ऊपर रहा।

उत्पादन और बिक्री के मोर्चे पर भी कंपनी ने अच्छी प्रगति दिखाई। वित्त वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों (9MFY26) में कच्चे स्टील का उत्पादन 2 प्रतिशत बढ़कर 14.35 मिलियन टन पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 14.08 मिलियन टन रहा था। वहीं, सेल्स वॉल्यूम में 16.3 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसे रिटेल और दूसरे ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने, इन्वेंट्री घटाने और बेहतर डिस्पैच और मार्केटिंग रणनीति से समर्थन मिला।

कंपनी ने इस अवधि के दौरान अपने कर्ज में भी उल्लेखनीय कमी की है। 31 दिसंबर 2025 तक के नौ महीनों में SAIL ने करीब ₹5,000 करोड़ का कर्ज घटाया, जिससे उसकी बैलेंस शीट और मजबूत हुई है।

SAIL के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अमरेंदु प्रकाश ने नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 60 प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन अधिक वॉल्यूम, ऑपरेटिंग लीवरेज और सतर्क वित्तीय प्रबंधन का नतीजा है। उनके अनुसार, घरेलू मांग मजबूत बनी हुई है और कंपनी की बाजार में पैठ पहले से बेहतर हुई है।

उन्होंने यह भी कहा कि इनपुट लागत में उतार-चढ़ाव और प्रतिस्पर्धी प्राइसिंग माहौल के बावजूद, SAIL ने ऑपरेटिंग प्रॉफिटेबिलिटी बनाए रखी है। इसमें बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, अधिक वॉल्यूम और सख्त लागत नियंत्रण की अहम भूमिका रही।

शेयरों की चाल

सेल ने शुक्रवार को शेयर बाजार का कारोबार बंद होने के बाद अपने तिमाही नतीजों का ऐलान किया। नतीजों से पहले SAIL के शेयर एनएसई पर 3.94 फीसदी की गिरावट के साथ 150.98 रुपये के भाव पर बंद हुए। हालांकि पिछले एक साल में यह शेयर करीब 43 फीसदी बढ़ चुका है।

यह भी पढ़ें- Stocks To Buy: HSBC ने इन 6 होटल शेयरों पर लगाया दांव, मिल सकता है 45% तक रिटर्न, जानें टारगेट

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।