Published on 24/03/2026 07:34 PM
भारतीय AI स्टार्टअप सर्वम (Sarvam) नई फंडिंग के लिए बातचीत कर रहा है। कंपनी करीब 20 से 25 करोड़ डॉलर यानी लगभग ₹1,877 करोड़ से ₹2,346 करोड़ जुटाने की तैयारी में है। इस फंडिंग राउंड में एनविडिया (Nvidia), वेंचर कैपिटल फर्म एक्सेल (Accel) और आईटी कंपनी एचसीएलटेक (HCLTech) जैसे बड़े निवेशकों के शामिल होने की चर्चा है। इस मामले से वाकिफ पांच लोगों ने Moneycontrol को यह जानकारी दी है।
स्ट्रैटेजिक निवेशकों की दिलचस्पी
सर्वम पहले से ही अपने एआई मॉडल के लिए एनविडिया के चिप्स का इस्तेमाल करता है। इसलिए एनविडिया का निवेशक बनना स्वाभाविक माना जा रहा है। अगर HCLTech इस राउंड में निवेश करती है, तो इससे उसे सर्वम की एआई क्षमताओं का फायदा उठाकर बड़े स्तर पर एआई सॉल्यूशंस लागू करने में मदद मिल सकती है।
वहीं एक्सेल जैसे बड़े वेंचर कैपिटल फंड के जुड़ने से कंपनी को पूंजी के साथ-साथ भारत के बाहर के बाजारों तक पहुंच बनाने में भी मदद मिलेगी।
तेजी से बढ़ा कंपनी का वैल्यूएशन
सूत्रों के मुताबिक, सर्वम का वैल्यूएशन इस समय करीब 1.5 अरब डॉलर के आसपास आंका जा रहा है। यह पिछले दो वर्षों में सात गुना से ज्यादा बढ़ चुका है।
एक व्यक्ति ने बताया कि फिलहाल बातचीत जारी है। ऐसे में मुमकिन है कि अंतिम फंडिंग राउंड का साइज थोड़ा बदल जाए, क्योंकि कई और निवेशक भी कंपनी में निवेश की इच्छा जता रहे हैं।
आईटी कंपनी का AI स्टार्टअप में पहला निवेश?
अगर यह निवेश पूरा होता है, तो हाल के वर्षों में यह पहला मौका होगा जब कोई बड़ी भारतीय आईटी कंपनी किसी एआई स्टार्टअप में स्ट्रैटेजिक निवेशक के तौर पर सामने आएगी। इससे यह भी संकेत मिलेगा कि आईटी कंपनियां एआई को लेकर तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
सर्वम, एनविडिया और एक्सेल ने इस खबर पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की है। वहीं HCLTech के प्रवक्ता ने कहा, 'हमारी पॉलिसी के तहत हम अटकलों पर टिप्पणी नहीं करते।'
इस साल का सबसे बड़ा फंडिंग राउंड
यह फंडिंग राउंड इस साल किसी भारतीय स्टार्टअप के लिए प्राइवेट मार्केट में सबसे बड़ा निवेश बन सकता है। साथ ही यह किसी भारतीय एआई स्टार्टअप में अब तक का सबसे बड़ा निवेश भी हो सकता है।
करीब ढाई साल बाद सर्वम में यह पहली बड़ी फंडिंग होगी। इससे पहले कंपनी ने दिसंबर 2023 में सीरीज ए राउंड में 41 मिलियन डॉलर जुटाए थे। इस राउंड की अगुआई लाइटस्पीड वेंचर्स ने की थी। इसमें इसमें पीक XV पार्टनर्स और खोसला वेंचर्स ने भी निवेश किया था।
दो नए एआई मॉडल से बढ़ी चर्चा
फरवरी में नई दिल्ली में हुए India AI Impact Summit में सर्वम ने दो बड़े लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) पेश किए। इनमें एक 30 बिलियन पैरामीटर और दूसरा 105 बिलियन पैरामीटर वाला मॉडल है। दोनों मॉडल भारत में ही शुरुआत से तैयार किए गए हैं।
सर्वम के को-फाउंडर प्रत्यूष कुमार ने पहले कहा था कि ये मॉडल Gemini Flash जैसे मॉडल से सस्ते हैं। कई बेंचमार्क में बेहतर प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि Gemini 2.5 Flash जैसे बड़े और महंगे मॉडल की तुलना में भी भारतीय भाषाओं में इनका प्रदर्शन ज्यादा बेहतर है।
भारत के सॉवरेन एआई मिशन में अहम भूमिका
सर्वम भारत के उभरते एआई स्टार्टअप्स में एक प्रमुख नाम बनकर सामने आया है। इसके अलावा Gnani.ai और आईआईटी बॉम्बे के नेतृत्व वाला BharatGen कंसोर्टियम भी भारत में फाउंडेशन एआई मॉडल बनाने पर काम कर रहे हैं।
ये पहलें ऐसे समय में हो रही हैं जब भारत अपने घरेलू एआई सिस्टम विकसित करने की कोशिश कर रहा है, ताकि ग्लोबल बिग टेक कंपनियों पर निर्भरता कम की जा सके।
IndiaAI मिशन से मिला समर्थन
लाइटस्पीड के निवेश वाला सर्वम एआई भारत के सॉवरेन एआई मिशन का भी अहम हिस्सा बन चुका है। सरकार के IndiaAI Mission के तहत देश का अपना फाउंडेशन एआई मॉडल बनाने के लिए करीब 10,000 करोड रुपये का फंड बनाया गया है।
अब तक इस मिशन के तहत करीब 111 करोड़ रुपये की GPU सब्सिडी दी जा चुकी है। इसका सबसे बड़ा फायदा बेंगलुरु स्थित सर्वम एआई को मिला है। कंपनी को Yotta Data Services के जरिए 4096 NVIDIA H100 SXM GPUs दिए गए। इसके लिए उसे करीब 99 करोड़ रुपये की सब्सिडी मिली।
2023 में हुई थी कंपनी की शुरुआत
सर्वम की स्थापना जुलाई 2023 में विवेक राघवन और प्रत्युष कुमार ने की थी। दोनों पहले नंदन निलेकणी समर्थित AI4Bharat प्रोजेक्ट से जुड़े रहे हैं।
कंपनी जेनरेटिव एआई के क्षेत्र में फुल-स्टैक सॉल्यूशंस तैयार करती है। इसमें कस्टम एआई मॉडल की रिसर्च और ट्रेनिंग से लेकर एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म पर उनके इस्तेमाल और डिप्लॉयमेंट तक की सेवाएं शामिल हैं।
जोमैटो के बाद स्विगी ने भी दिया झटका, प्लेटफॉर्म फीस में 17% की बढ़ोतरी; खाना मंगाना अब और हुआ महंगाहिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।