News Image
Money Control

SEBI चीफ की IPO निवेशकों को बड़ी सलाह: 'लिस्टिंग गेन' का लालच है खतरनाक, लंबी अवधि का नजरिया अपनाए

Published on 02/03/2026 04:31 PM

सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंड बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने निवेशकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे किसी भी आईपीओ (IPO) का मूल्यांकन केवल लिस्टिंग के दिन होने वाले मुनाफे यानी ‘लिस्टिंग पॉप’ के आधार पर न करें। उन्होंने साफ किया कि शेयर बाजार में निवेश का आकलन लंबी अवधि के प्रदर्शन से होना चाहिए, न कि एक दिन के उतार-चढ़ाव से।

“एक दिन के लिए शेयरधारक मत बनिए”

मनीकंट्रोल को दिए एक इंटरव्यू में पांडेय ने कहा, “अगर आप केवल लिस्टिंग पॉप के नजरिये से देख रहे हैं, तो यह बाजार की सही सोच नहीं है। जब आप किसी ऐसी कंपनी में निवेश कर रहे हैं जो लंबे समय तक काम करेगी, तो आप सिर्फ एक दिन के लिए शेयरधारक नहीं बनना चाहेंगे।”

उनका कहना था कि बाजार में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक है और यह किसी के नियंत्रण में नहीं होता। इसलिए निवेशकों को धैर्य और लॉन्ग-टर्म नजरिए के साथ निवेश करना चाहिए।

IPO इकोसिस्टम पर भरोसा जताया

SEBI चीफ ने कहा कि भारत का IPO इकोसिस्टम मजबूत डिस्क्लोजर (खुलासों) पर आधारित है, जिससे निवेशक खुद वैल्यूएशन और बिजनेस मॉडल का आकलन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) और रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) जैसे दस्तावेजों में तुलनात्मक आंकड़े और विस्तृत जानकारियां मौजूद होती हैं। इससे संस्थागत और एंकर निवेशकों को समझदारी से फैसला लेने में मदद मिलती है।

IPO की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों पर पांडेय ने कहा, “हमें किसी एक उदाहरण के आधार पर पूरे बाजार को आंकना नहीं चाहिए। हमारा बाजार मजबूत है और खुलासों से परिपूर्ण है।”

OFS बनाम फ्रेश इश्यू: संतुलन सामान्य स्तर पर

हाल के आईपीओ में ऑफर फॉर सेल (OFS) के बढ़ते हिस्से को लेकर भी सवाल उठे हैं। इस पर पांडेय ने कहा कि सेबी की एनालिसिस के मुताबिक, यह अनुपात अब सामान्य स्तर पर आ गया है। उन्होंने बताया कि हालिया आईपीओ में औसतन लगभग 55% हिस्सा OFS का और 45% हिस्सा फ्रेश कैपिटल का रहा है, जो ऐतिहासिक रुझानों के मुताबिक है। साल 2020 में OFS का हिस्सा करीब 87% तक पहुंच गया था।

फंड के दुरुपयोग पर निगरानी मजबूत

IPO के दौरान कंपनियों की ओर से जुटाए गए फंड के दुरुपयोग को लेकर भी चिंताएं सामने आई हैं। इस पर सेबी चेयरमैन ने कहा कि निगरानी तंत्र लगातार मजबूत किया जा रहा है, खासकर SME सेगमेंट में, जहां एक्सचेंजों ने सख्ती बढ़ाई है।

उन्होंने कहा कि एक ओर लोग अत्यधिक निगरानी की आलोचना करते हैं, वहीं दूसरी ओर पारदर्शिता और नियंत्रण की मांग भी करते हैं। ऐसे में संतुलित और विकसित होती सिस्टम पर काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में थर्ड-पार्टी मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की जा सकती है।

LODR नियमों की व्यापक समीक्षा

सेबी चीफ ने बताया कि लिस्टिंग ऑब्लिगेशंस एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स (LODR) नियमों की व्यापक समीक्षा जारी है। इस समीक्षा के माध्यम से खुलासों और निगरानी के मानकों को और बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें- Stock Market Crash: शेयर बाजार में 'ब्लैक मंडे'! सेंसेक्स 1048 अंक टूटा, निवेशकों के ₹6.5 लाख करोड़ स्वाहा

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।