News Image
Money Control

Sensex में 1205 अंकों की तेजी, Nifty भी 23300 के पार बंद, इन चार वजहों से मार्केट में शानदार रौनक

Published on 25/03/2026 03:46 PM

Sensex-Nifty closes green: घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी में आज लगातार दूसरे दिन जोरदार तेजी आई। कच्चे तेल की नरमी और ईरान-अमेरिका की लड़ाई थमने के संकेतों पर निवेशकों का सेंटिमेंट बेहतर हुआ और मार्केट में जोरदार खरीदारी होने लगी। सेंसेक्स की मंथली एक्सपायरी के दिन आज सेंसेक्स 1205.00 प्वाइंट्स यानी 1.63% की बढ़त के साथ 75,273.45 और निफ्टी 394.05 प्वाइंट्स यानी 1.72% के उछाल के साथ 23,306.45 पर बंद हुआ है। सभी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स आज ग्रीन बंद हुए हैं लेकिन निफ्टी आईटी में मामूली ही बढ़त है तो मिडकैप और स्मॉलकैप में भी खरीदारी का अच्छा रुझान दिखा।

सेंसेक्स और निफ्टी 50 पर आज सिर्फ चार स्टॉक्स- टेक महिंद्रा, पावरग्रिड, टीसीएस और बीईएल लाल बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 75,849.76 और निफ्टी 23,465.35 तक पहुंच गया था। आज की बढ़त के साथ क्लोजिंग बेसिस पर सेंसेक्स दो दिनों में 2,671.78 और निफ्टी 792.6 प्वाइंट्स मजबूत हुआ है।

इन चार वजहों से मार्केट में छाई रौनक

अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर की उम्मीद: न्यूज एजेंसी रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि ईरान के साथ लड़ाई खत्म करने को लेकर काम हो रहा है और एक सूत्र ने बताया कि ईरान को एक समझौता प्रस्ताव भेजा गया है। हालांकि ईरान ने किसी सीधी बातचीत के शुरू होने से इनकार किया है। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इंवेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार का कहना है कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव कम होने के संकेतों से बाजार में उम्मीदें लौट रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवाजाही को लेकर ईरान से आश्वासन मिलता है तो एनर्जी सप्लाई को लेकर चिंताएं कम हो सकती हैं, जिसका असर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के रूप में दिखेगा।

कच्चे तेल की गिरावट: तेल के वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की नरमी ने मार्केट में रौनक बिखेरी है जोकि 4.34% टूटकर प्रति बैरल $99.95 पर आ गया। लिवलॉन्ग वेल्थ के रिसर्च एनालिस्ट एंड फाउंडर हरिप्रसाद के का कहना है कि कच्चे तेल के प्रति बैरल $100 का नीचे आना यह दिखाता है कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही लड़ाई के थमने को लेकर मार्केट पॉजिटिव है।

मजबूत वैश्विक संकेत: घरेलू स्टॉक मार्केट को आज मजबूत वैश्विक संकेतों से सपोर्ट मिला है। हरिप्रसाद का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत का संकेत दिया तो एशियाई मार्केट में बहार छा गई।

India VIX में गिरावट: मार्केट के डर को मापने वाला वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया विक्स 0.31% गिरकर 24.66 पर आ गया जिससे निवेशकों के सेंटिमेंट में सुधार हुआ। इसके नीचे आने से संकेत मिलता है कि मार्केट में वोलैटिलिटी कम हुई है।

निफ्टी को लेकर क्या है आगे रुझान?

जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का मानना है कि निफ्टी 23,350–23,800 की तरफ बढ़ सकता है। हालांकि यह 23000 के आस-पास कंसालिडेट भी हो सकता है। आनंद के मुताबिक 22800 तक तो इसमें खरीदारी का रुझान बना रह सकता है लेकिन इससे नीचे आने पर तेजी का माहौल थोड़ा कमजोर हो सकता है लेकिन जब तक यह 22,640 के ऊपर है, इसके ऊपर चढ़ने की गुंजाइश बनी रहेगी।

मार्केट में आज की लाइव हलचल के लिए यहां जुड़ें

ग्लोबल अनिश्चितता के बीच शेयर बाजार से मुंह मोड़ रहे निवेशक, FY26 में NSE के नए रजिस्ट्रेशन में 30% की भारी गिरावट

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।