Published on 24/10/2025 12:12 PM
शेयर बाजारों में शुक्रवार, 24 अक्टूबर को गिरावट है। बीएसई सेंसेक्स सुबह बढ़त के साथ 84,667.23 पर खुला। लेकिन फिर यह 354.44 अंक टूटकर 84,201.96 के लो तक गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी हरे निशान में 25,935.10 पर खुला। फिर 107.65 अंकों की गिरावट के साथ 25,783.75 के लो तक गया। इससे पहले लगातार 6 ट्रेडिंग सेशंस में बाजार में तेजी देखी गई थी।
अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को लेकर उम्मीदें बढ़ने के बीच गुरुवार को शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुए थे। सेंसेक्स 130.06 अंक या 0.15 प्रतिशत चढ़कर 84,556.40 पर और निफ्टी 22.80 अंक या 0.09 प्रतिशत बढ़कर 25,891.40 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी 52 सप्ताह के नए उच्च स्तर पर पहुंच गए थे।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के लिए बातचीत आगे बढ़ रही है। उम्मीद है कि दोनों पक्ष निकट भविष्य में एक निष्पक्ष और न्यायसंगत समझौते की दिशा में काम करेंगे।
आज इन वजहों से शेयर बाजार में गिरावट
1. प्रॉफिट बुकिंग यानि मुनाफा वसूली
शेयर बाजार में हाल ही में दिखी बढ़त के बाद मार्केट पार्टिसिपेंट्स बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, FMCG, IT और ऑटो शेयरों में मुनाफावसूली कर रहे हैं।
2. FII की बिकवाली
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) गुरुवार को सेलर रहे। उन्होंने शुद्ध रूप से 1,165.94 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इससे उनकी ओर से लगातार 5 सत्रों की खरीदारी का सिलसिला थम गया।
3. इंडिया VIX में बढ़ोतरी
बाजार की अस्थिरता और निवेशकों का सेंटिमेंट दर्शाने वाला इंडिया VIX लगभग 1 प्रतिशत बढ़कर 11.84 पर पहुंच गया। यह निकट भविष्य में अनिश्चितता में वृद्धि का संकेत देता है।
वैश्विक बाजारों की चाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, शंघाई का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को सकारात्मक दायरे में बंद हुए। कच्चे तेल की कीमतों की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65.68 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।