News Image
Money Control

Share Market Crash: शेयर बाजार इन 5 कारणों से धड़ाम; सेंसेक्स 800 अंक टूटा, निफ्टी भी 25,500 के नीचे

Published on 24/02/2026 11:19 AM

Share Market Crash: भारतीय शेयर बाजारों में आज मंगलवार 24 फरवरी को भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 800 अंकों तक टूट गया। वहीं निफ्टी गिरकर 25,500 के नीचे चला गया। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले दो दिनों से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया। आईटी शेयरों में भारी बिकवाली और कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण बाजार में चौतरफा दबाव देखने को मिली। इसके अलावा रुपये में कमजोरी से भी निवेशकों के मनोबल पर असर पड़ा। मेटल और PSU बैंक को छोड़ दें तो बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

सुबह करीब 10.15 बजे, बीएसई सेंसेक्स 790.52 अंक यानी 0.95% गिरकर 82,504.14 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 230.15 अंक यानी 0.89% टूटकर 25,482.85 पर आ गया और 25,500 के अहम स्तर के नीचे फिसल गया। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में भी 0.5 प्रतिशत तक की गिरावट आई।

शेयर बाजार में आज की इस गिरावट के पीछे 5 बड़े कारण रहे-

1. आईटी शेयरों में तेज बिकवाली

आईटी सेक्टर के शेयरों में आज तेज गिरावट देखने को मिली। इसकी वजह यह है कि दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर नई चिंताएं बढ़ गई हैं। एंथ्रोपिक नाम की अमेरिकी AO कंपनी ने दावा किया है कि उसका क्लॉड कोड टूल पुराने सॉफ्टवेयर सिस्टम को अपडेट करने की लागत और जटिलता को काफी कम कर सकता है। इससे पारंपरिक आईटी कंपनियों के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। सुबह करीब 9:30 बजे निफ्टी आईटी इंडेक्स 3 प्रतिशत तक गिर गया और यह बाजार में सबसे ज्यादा गिरने वाला सेक्टर बन गया।

2. रुपये में कमजोरी

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 7 पैसे गिरकर 90.96 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त और डॉलर की मजबूती ने रुपये पर दबाव बनाया। शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत का असर भी करेंसी पर पड़ा। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी से गिरावट कुछ हद तक सीमित रही। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 90.91 पर खुला और बाद में 90.96 तक फिसल गया।

3. कमजोर ग्लोबल संकेत

एशिया के ज्यादातर शेयर बाजारों में आज सुस्ती देखने को मिली। वहीं, अमेरिका का वॉल स्ट्रीट बाजार भी रात में गिरावट के साथ बंद हुआ। यह गिरावट तब आई जब डोनाल्ड ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट से टैरिफ रद्द वाले फैसले के बाद देशों को नए ट्रेड डील से पीछे न हटने की चेतावनी दी। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह दूसरे व्यापार कानूनों के तहत और ज्यादा टैरिफ लगा सकते हैं। इस बयान से ग्लोबल बाजारों में अनिश्चितता बढ़ी।

4. क्रूड ऑयल के दाम में उछाल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, ब्रेंट क्रूड का भाव आज 1 प्रतिशत बढ़कर 72.13 डॉलर प्रति बैरल हो गया। तेल की कीमतों में बढ़ोतरी भारत के लिए चिंता का कारण है, क्योंकि इससे व्यापार घाटा बढ़ सकता है और महंगाई दबाव बढ़ सकता है, जो निवेशकों के भरोसे को प्रभावित करता है।

5. वीकली एक्सपायरी

निफ्टी डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की आज मंगलवार को वीकली एक्सपायरी है, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ गया। एक्सपायरी वाले दिन ट्रेडर्स अपने फ्यूचर्स और ऑप्शन्स पोजिशन्स को बंद या अगले हफ्ते के लिए आगे बढ़ाते हैं, जिससे दिन के दौरान शेयरों की कीमतों में तेज बदलाव देखने को मिलता है।

चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट, आनंद जेम्स ने बताया कि पिछली ट्रेडिंग सत्र में निफ्टी 25,700 के ऊपर टिकने में संघर्ष करता दिखा, जो यह संकेत है कि तेजी की गति कम हो रही है। उन्होंने कहा, "ऑस्सिलेटर (तकनीकी संकेतक) अभी पूरी तरह गिरावट का संकेत नहीं दे रहे हैं। इसलिए हमारा सुझाव है कि आज 25,550 के आसपास ऊपर-नीचे के छोटे उतार-चढ़ाव पर ध्यान दिया जाए। निफ्टी की रेंज मोटे तौर पर 25,300 से 25,840 के बीच रह सकती है।"

यह भी पढ़ें- IT स्टॉक्स में बड़ी हलचल! CLSA ने इन 8 कंपनियों के घटाए टारगेट; लेकिन लॉन्ग टर्म में बताया मौका

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।