News Image
Money Control

Share Market Rise: शेयर बाजार इन 5 कारणों से उछला, सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी पहुंचा 26,300 के पास

Published on 02/01/2026 12:41 PM

Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में शुक्रवार 2 जनवरी को मजबूती तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 500 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढकर 26,300 के पास पहुंच गया। ग्लोबल बाजारों से मिले मजबूत संकेत और लार्जकैप शेयरों में खरीदारी लौटने से मार्केट के सेंटीमेंट को मजबूती मिली। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 0.72 फीसदी तक उछल गए। FMCGs को छोड़कर लगभग सभी मुख्य सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। सबसे अधिक खरीदारी यूटिलिटी, ऑटो, पावर, PSU बैंक और मेटल शेयरों में देखने को मिली।

दोपहर करीब 12:30 बजे, सेंसेक्स 475.51 अंक या 0.56 परसेंट बढ़कर 85,664.11 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 153.75 पॉइंट्स या 0.59 परसेंट बढ़कर 26,300.30 पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 5 बड़े कारण रहे-

1. ग्लोबल बाजारों से मजबूत संकेत

शेयर बाजारों में तेजी के पीछे पहला बड़ा कारण ग्लोबल बाजारों से मिले मजबूत संकेत रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई का SSE कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा, अमेरिकी फ्यूचर्स मार्केट भी 0.7 प्रतिशत तक मजबूत नजर आए, जिससे वॉल स्ट्रीट में अच्छी शुरुआत की उम्मीद बनी।

2. लार्जकैप शेयरों में खरीदारी

लार्ज-कैप स्टॉक्स में शुक्रवार को खरीदारी लौटती दिखी। खासतौर से रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर लगातार दूसरे दिन लगभग 1 परसेंट की तेजी के साथ कारोबार करते दिखे। इक्विनॉमिक्स रिसर्च के फाउंडर और रिसर्च हेड जी चोकालिंगम ने रॉयटर्स को बताया, ऑटो कंपनियों के मंथली सेल्स डेटा के साथ-साथ दूसरे सेक्टर्स के बिजनेस अपडेट्स दिसंबर तिमाही की अर्निंग्स में सुधार के संकेत दे रहे हैं, जिससे बाजार को सहारा मिल रहा है।"

3. घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी

घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) की लगातार खरीदारी से मार्केट को सपोर्ट मिला। एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर ने बताया, "घरेलू निवेशकों की ओर से लगातार इनफ्लो बड़े पैमाने पर बाजार को सपोर्ट दे रहा है, जिससे विदेशी इन्वेस्टर्स की बिकवाली के असर को कम करने में मदद मिल रही है।"

4. रुपये में मजबूती

करेंसी मार्केट में भारतीय रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 6 पैसे मजबूत होकर 89.92 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार जानकारों के मुताबिक, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया 90 के लेवल को प्रोटेक्ट कर रहा है। हालांकि विदेशी फंड के आउटफ्लो से रुपये के आगे भी सीमित दायरे में बने रहने की उम्मीद है।

5. ऑटो शेयरों में तेजी

दिसंबर महीने के बिक्री आंकड़े आने के बाद आज ऑटो शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली। निफ्टी ऑटो इंडेक्स लगभग 1 परसेंट बढ़ गया। यह इंडेक्स लगातार चौथे दिन हरे निशान में है। जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वी के विजयकुमार का कहना है कि दिसंबर में पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री में सालाना आधार पर 25.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने ऑटो इंडस्ट्री के लिए मजबूत संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में बनी यह ग्रोथ मोमेंटम आगे भी जारी रहती है या नहीं, इस पर बाजार की दिशा काफी हद तक निर्भर करेगी।

टेक्निकल चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?

HDFC सिक्योरिटीज में प्राइम रिसर्च के हेड देवर्ष वकील के मुताबिक, अगर निफ्टी 26,234 के स्तर के ऊपर टिके रहने में कामयाब रहता है, तो यह मौजूदा कंसोलिडेशन फेज से ब्रेकआउट का संकेत हो सकता है और रिकॉर्ड ऊंचाइयों को दोबारा टेस्ट करने का रास्ता खोल सकता है। उन्होंने कहा कि निफ्टी के लिए 25,900 का स्तर फिलहाल शॉर्ट टर्म में मजबूत सपोर्ट के तौर पर काम कर सकता है।

यह भी पढ़ें- ITC Share Crash: 5% और टूटा शेयर, 3-साल के निचले स्तर पर आया भाव; ब्रोकरेज ने घटाए टारगेट प्राइस

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।