Published on 05/03/2026 11:48 AM
Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद आज 4 मार्च को तेजी लौटती दिख रही हैं। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 450 अंकों से भी अधिक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 24,650 के करीब पहुंच गया। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण बनी अनिश्चितता के बावजूद बाजार में रिकवरी देखने को मिली। ग्लोबल बाजारों से मजबूत संकेत और निवेशकों के रिस्क सेंटीमेंट में सुधार के चलते बाजार हरे निशान में कारोबार करता नजर आया। सबसे अधिक तेजी फाइनेंशियल और कैपिटल मार्केट शेयरों में देखी गई।
सुबह करीब 9:55 बजे सेंसेक्स 472.30 अंक यानी 0.60 प्रतिशत बढ़कर 79,588.49 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 165.30 अंक या 0.68 प्रतिशत चढ़कर 24,645.80 के स्तर पर पहुंच गया। इस तरह बाजार में तीन दिनों से जारी बिकवाली का सिलसिला टूट गया।
कारोबार की शुरुआत में बाजार के सभी 16 प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी मजबूती देखने को मिली। स्मॉलकैप और मिडकैप इंडेक्स लगभग 1 प्रतिशत तक चढ़ गए।
शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 3 बड़े कारण रहे-
1. गिरावट के बाद वैल्यू बाइंग
पिछले तीन दिनों की लगातार गिरावट के बाद निवेशकों ने आज निचले स्तरों पर खरीदारी की। खासकर रियल्टी, मेटल और ऑटो सेक्टर के शेयरों में वैल्यू बाइंग देखने को मिली। जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट्स वीके विजयकुमार ने बताया, “मिडिर ईस्ट में जारी युद्ध के दौरान कई अचानक घटनाएं, जैसे तेल सुविधाओं पर हमले की खबर बाजार के सेंटीमेंट को प्रभावित कर सकती हैं। अगर कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ती हैं तो बाजार पर दबाव आएगा। लेकिन अगर कुछ दिनों तक तेल व्यापार सामान्य रहता है तो बाजार में तेजी लौट सकती है।”
उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार ने हाल के दिनों में तुलनात्मक रूप से बेहतर प्रदर्शन किया है। जहां निफ्टी में लगभग 1.5 प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं साउथ कोरिया का कॉस्पी इंडेक्स 12 प्रतिशत से अधिक गिर गया था। जिन बाजारों ने इस साल अच्छा प्रदर्शन किया। वहां मुनाफावसूली के कारण अधिक अस्थिरता देखी जा रही है।
2. ग्लोबल बाजारों से पॉजिटिव संकेत
एशियाई बाजारों में भी मजबूती देखने को मिली। साउथ कोरिया का कॉस्पी इंडेक्स 10 प्रतिशत से अधिक चढ़ गया। इसके अलावा हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स और चीन का SSE कंपोजिट इंडेक्स भी बढ़त में कारोबार करते दिखे। अमेरिकी शेयर बाजार भी बीती रात हरे निशान में बंद हुए।
ग्लोबल बाजारों में सुधार का एक कारण यह भी रहा कि खबरें सामने आईं कि ईरान युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत को तैयार हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने युद्ध टालने के लिए अप्रत्यक्ष रूप से अमेरिका से संपर्क किया है, जिससे निवेशकों का डर कम हुआ। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऑयल मार्केट को स्थिर रखने के आश्वासन से भी निवेशकों की चिंता कुछ कम हुई।
3. बाजार में अस्थिरता में कमी
शेयर बाजार के डर को दिखाने वाला वोलैटिलिटी इंडेक्स, इंडिया VIX आज करीब 10 प्रतिशत गिरकर 19.04 के स्तर पर आ गया। इससे संकेत मिलता है कि हालिया भू-राजनीतिक तनाव के बाद निवेशकों की घबराहट में कुछ कमी आई है।
तकनीकी नजरिया
जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट्स आनंद जेम्स के मुताबिक, हालिया उतार-चढ़ाव के बावजूद बाजार में रिकवरी की कोशिश जारी है। निफ्टी के लिए 24,840 का स्तर संभावित लक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि 24,625 के आसपास मजबूत रेजिस्टेंस मौजूद है।
उन्होंने कहा कि अगर निफ्टी 24,370 के नीचे फिसलता है तो 24,000 से 23,550 तक गिरावट की संभावना बन सकती है। हालांकि फिलहाल बाजार में बड़ी गिरावट की संभावना कम दिखाई दे रही है।
यह भी पढ़ें- Stocks to Buy: चौतरफा गिरावट के बीच JP मॉर्गन ने इन 2 शेयरों पर जताया भरोसा, मिल सकता है 35% तक रिटर्न
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।