Published on 24/03/2026 11:09 AM
Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार 24 मार्च को मजबूत उछाल देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,000 अंकों से भी अधिक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 22,800 के पार पहुंच गया। ग्लोबल बाजारों से मजबूत संकेत और भू-राजनीतिक तनाव में राहत के संकेतों के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में तेज उछाल आया। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 1 प्रतिशत से अधिक उछल गए। यहां तक कि सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। शेयर बाजार में यह तेजी ऐसे समय आई है जब एक दिन पहले सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट देखी गई थी।
सुबह 9:30 बजे के करीब, सेंसेक्स 1,020.05 अंक यानी 1.4% की बढ़त के साथ 73,762.43 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 329.75 अंक चढ़कर 22,842.40 के स्तर पर पहुंच गया।
शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 4 बड़े कारण रहे-
1. वैल्यू बाइंग और ग्लोबल संकेत
शेयर बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह वैल्यू बाइंग रही। एक दिन पहले की भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने आज निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू की, जिससे बाजार को मजबूती मिली। एशियाई बाजारों में भी तेजी देखने को मिली, जहां इंडेक्स करीब 0.7% तक चढ़े। इसके साथ ही ब्रेंट क्रूड करीब 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास स्थिर रहा, जिससे निवेशकों को कुछ राहत मिली।
2. डोनाल्ड ट्रंप का बयान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर संभावित हमलों को कुछ दिनों के लिए टालने का बयान दिया है और ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत की संभावना जताई है। ट्रंप के इन बयानों से युद्ध के और तेज होने की संभावना कुछ कम हुई और किसी कूटनीतिक समाधान की उम्मीद जगी। इससे दुनियाभर के बाजारों में भरोसा बढ़ा। इससे अमेरिकी शेयर बाजारों में बीती रात तेजी देखने को मिली। वहीं अमेरिकी बॉन्ड की यील्ड और डॉलर कमजोर हो गए।
3. रुपये में मजबूती
भारतीय रुपये में मंगलवार को 34 पैसे की मजबूती देखने को मिली, जिसने बाजार को सपोर्ट दिया। भारतीय रुपया आज 24 मार्च को 93.64 प्रति डॉलर पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 93.98 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक गिर गया था। रुपये की मजबूती की वजह डॉलर का थोड़ा कमजोर होना और कच्चे तेल की कीमतों में शुरुआती गिरावट रही।
4. इंडिया VIX में गिरावट
शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद घबराहट का संकेत देने वाला वोलैटिलिटी इंडेक्स 'India VIX' मंगलवार को 4% से ज्यादा गिरकर 25.60 के स्तर पर आ गया। इंडिया VIX में गिरावट यह संकेत देती है कि निवेशकों के बीच अनिश्चितता कम हो रही है और जोखिम लेने की क्षमता बढ़ रही है, जो बाजार के लिए पॉजिटिव संकेत माना जाता है।
टेक्निकल एक्सपर्ट्स का क्या है कहना?
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, बाजार में फिलहाल उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट्स, आनंद जेम्स के मुताबिक, निफ्टी को मजबूती के लिए 22,680 के ऊपर टिके रहना जरूरी होगा। अगर यह स्तर बना रहता है तो गिरावट सीमित रह सकती है। वहीं, 22,470 का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट है। इसके नीचे फिसलने पर निफ्टी 22,200–22,000 तक जा सकता है। फिलहाल 22,560 के आसपास बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें- HDFC Bank के इस काम पर 3% चढ़ा शेयर, चार दिनों में 12% की गिरावट के बाद निवेशकों ने ली राहत की सांस
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।