Published on 25/02/2026 12:05 PM
Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में आज 25 फरवरी को शानदार तेजी देखने को मिली। एक दिन पहले की भारी गिरावट के बाद आज बाजार में खरीदारी लौटी। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 600 अंकों से भी अधिक उछल गया। वहीं निफ्टी ने एक बार फिर 25,600 के स्तर को पार कर लिया। सबसे अधिक तेजी आईटी, ऑटो और मेटल शेयरों में देखने को मिली। स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी रही। यहां तक कि सभी 16 प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
सुबह 10:10 बजे के करीब, बीएसई सेंसेक्स 613 अंकों की बढ़त के साथ 82,839 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 196 अंकों की मजबूती के साथ 25,621 के आसपास कारोबार कर रहा था।
शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 5 बड़े कारण रहे-
आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी
आईटी शेयरों ने एक दिन पहले की भारी बिकवाली के बाद आज मजबूत वापसी की। निफ्टी आईटी इंडेक्स 2.23% बढ़कर एनएसई का सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला सेक्टर बन गया।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा कि एंथ्रोपिक के क्लॉड चैटबोट को लेकर सॉफ्टवेयर और सर्विसेज में आईटी कंपनियों के साथ साझेदारी की खबर भारतीय आईटी कंपनियों के लिए सहयोग के नए अवसर पैदा कर सकती है। उनका कहना है कि अगर आईटी शेयरों में कमजोरी कम होती है और सेक्टर में स्थिरता आती है तो विदेशी निवेशकों की खरीदारी बाजार को और सहारा दे सकती है।
2. मेटल शेयरों में तेजी
मेटल शेयरों में भी आज अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। निफ्टी मेटल इंडेक्स करीब 2.5% की बढ़त के साथ अपने लाइफटाइम हाई के करीब पहुंच गया है। इसके पीछे मुख्य वजह यह है कि आज इस सेक्टर पर लगातार कई ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस की बुलिश रिपोर्ट्स सामने आईं। इन सकारात्मक रिपोर्टों के असर से मेटल शेयरों में तेजी का मोमेंटम और मजबूत हुआ है।
3. मजबूत ग्लोबल संकेत
अमेरिकी टेक शेयरों में रातभर अच्छी तेजी देखने को मिली। नैस्डैक 100 इंडेक्स 1% से ज्यादा चढ़ा, क्योंकि हाल के दिनों में एआई से जुड़ी चिंताओं के कारण आई उतार-चढ़ाव के बाद माहौल कुछ बेहतर हुआ। हाल के दिनों में AI से जुड़ी चिंताओं के कारण ग्लोहल टेक शेयर दबाव में थे, लेकिन इस बीच नई साझेदारी की खबरों से निवेशकों का भरोसा लौटा। खबरें आईं कि एंथ्रोपिक अपनी क्लॉड टेक्नोलॉजी को लेकर नई पार्टनरशिप करने की योजना बना रही है।।
इसके अलावा एशियाई शेयर बाजारों में आज मजबूती रही। जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया के बाजार बढ़त के साथ खुले। इससे निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत हुआ।
4. अस्थिरता में कमी
शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद डर और उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला वोलैटिलिटी इंडेक्स, इंडिया VIX आज 6% से ज्यादा गिरकर 13.22 पर आ गया। VIX के कम होने का मतलब है कि बाजार में घबराहट घट रही है, जो आम तौर पर शेयर बाजार के लिए पॉजिटिव संकेत माना जाता है।
5. रुपये में मजबूती
रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 6 पैसे मजबूत होकर 90.89 पर पहुंच गया। डॉलर में कमजोरी और घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के कारण रुपये को सहारा मिला। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 90.94 पर खुला और फिर बढ़कर 90.89 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद स्तर से 6 पैसे की बढ़त है। हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने रुपये की बढ़त को सीमित रखा।
वहीं इससे पहले मंगलवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई थी। सेंसेक्स 1,068.74 अंक यानी 1.28% गिरकर 82,225.92 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 288.35 अंक यानी 1.12% टूटकर 25,424.65 पर बंद हुआ।
टेक्निकल चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट आनंद जेम्स ने कहा कि बाजार में फिलहाल बड़ी गिरावट की संभावना नहीं दिख रही है। उन्होंने 25,300 के स्तर को नीचे की सीमा माना है। उनका कहना है कि अगर यह स्तर बना रहता है तो आज बाजार में तेजी देखने को मिल सकती है। मजबूती की पुष्टि के लिए निफ्टी का 25,670 के ऊपर टिकना जरूरी है, जिसके बाद 25,900 का टारगेट देखा जा सकता है। लेकिन अगर निफ्टी 25,530 के ऊपर नहीं टिक पाता है, तो तेजी की रफ्तार कमजोर पड़ सकती है।
यह भी पढ़ें- Solar Stocks Crash: वारी और प्रीमियर एनर्जी के शेयर 14% तक धड़ाम, US के एक फैसले से सोलर स्टॉक्स में हाहाकार
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।