News Image
Money Control

Share Market: दिवाली के 3 दिन बाद शेयर बाजार में होगी आतिशबाजी, Nifty 50 ऊंचाई का नया रिकॉर्ड बना सकता है

Published on 22/10/2025 05:11 PM

स्टॉक मार्केट में दिवाली के 3 दिन बाद आतिशबाजी दिख सकती है। 23 अक्टूबर को शेयर बाजार खुलने पर निफ्टी 50 और सेंसेक्स ऊंचाई के नए रिकॉर्ड बना सकते हैं। इसकी वजह गिफ्टी निफ्टी से मिलने वाले संकेत हैं। 22 अक्टूबर को दिन में 3:40 बजे गिफ्ट निफ्टी 373 प्वाइंट्स यानी 1.44 फीसदी उछाल के साथ 26,290 प्वाइंट्स पर था। गिफ्ट निफ्टी को इंडियन स्टॉक मार्केट्स के लिए एक अहम संकेत माना जाता है।

दिवाली पर 21 अक्टूबर और 22 अक्टूबर को बाजार बंद

दिवाली के मौके पर शेयर बाजार 21 अक्टूबर और 22 अक्टूबर को बंद रहे। हालांकि, 21 अक्टूबर को करीब एक घंटे की मुहूर्त ट्रेडिंग हुई थी। इसमें निफ्टी 50 और बीएसई सेंसेक्स हल्की तेजी के साथ बंद हुए थे। अगर 23 अक्टूबर को बाजार में तेजी आती है तो यह लगातार बाजार में तेजी का छठा दिन होगा। दिवाली के पहले से ही मार्केट में अच्छी तेजी दिखी थी। यह तेजी इनवेस्टर्स के जख्म पर मरहम की तरह थी। पिछले साल दिवाली से इस साल दिवाली के बीच शेयर बाजार ने निवेशकों को निराश किया है।

23 अक्टूबर को बाजार खुलने पर हो सकता है धमाका

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर गिफ्ट निफ्टी के संकेतों का मतलब निकाला जाए तो 23 अक्टूबर को निफ्टी 50 और सेंसेक्स नई ऊंचाई पर पहुंच सकते हैं। निफ्टी 50 ने 27 सितंबर, 2024 को अपना ऑल टाइम हाई बनाया था। तब वह 26,277 प्वाइंट्स पर बंद हुआ था। तब से निफ्टी पर दबाव दिखा है। अगर 23 सितंबर को मार्केट में अच्छी तेजी आती है तो वह ऊंचाई के अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ सकता है।

लगातार छठें सत्र मार्केट में दिख सकती है तेजी

22 अक्टूबर को लगातार पांचवें सत्र बाजार में तेजी दिखी थी। सेंसेक्स 63 अंक चढ़कर 84,426 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी में 25 अंक चढ़कर 25,869 अंक पर बंद हुआ था। 23 अक्टूबर को गिफ्ट निफ्टी में तेजी की वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान है। उन्होंने कहा है कि वह भारत को पसंद करते हैं और दोनों देश ट्रेड डील के लिए बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिवाली की बधाई भी दी। सूत्रों का कहना है कि इस महीने के आखिर में मलेशिया में आसियान सम्मेलन में ट्रंप की मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी से होने वाली है। इस दौरान भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील का भी ऐलान हो सकता है।

निफ्टी और सेंसेक्स अपने रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब

एक्सपर्ट्स का कहना है कि निफ्टी 50 अपने 26,277 के ऑल-टाइम हाई के करीब पहुंच गया है। इसके अब 26,300 की तरफ बढ़ने के आसार हैं। मुहूर्त ट्रेडिंग के दिन इसने एक बड़े रेसिस्टेंस को तोड़ा दिया है। अब इसके लिए अगला रेसिस्टेंस 26,000 पर है। अगर 2024 की दिवाली से इस दिवाली के बीच के मार्केट के रिटर्न को देखा जाए तो यह करीब 6 फीसदी रहा है। यह निवेशकों की उम्मीद से काफी कम है। लेकिन, अगर निफ्टी पिछले ऑल टाइम हाई को 23 अक्टूबर को तोड़ता है तो उसमें तेजी जारी रह सकती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।