News Image
Money Control

Share Market Today: शेयर बाजार में ₹6.15 लाख करोड़ स्वाहा! सेंसेक्स 823 अंक टूटा, चौतरफा बिकवाली से भारी गिरावट

Published on 12/06/2025 04:15 PM

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार 12 जून को भारी गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने अपनी शुरुआती बढ़त खो दी और दोपहर के बाद इनमें तेज गिरावट आई। सेंसेक्स 823 अंक लुढ़ककर बंद हुआ। वहीं निफ्टी लुढ़ककर 24,900 के नीचे आ गया। इसी के साथ निफ्टी में लगातार 6 दिनों से जारी तेजी का सिलसिला थम गया। इसके चलते निवेशकों के आज शेयर बाजार में करीब 6 लाख करोड़ रुपये डूब गए। शेयर बाजार में आज की गिरावट चौतरफा थी। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.52 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.38 फीसदी लुढ़क गया।

कमजोर ग्लोबल संकेतों और ईरान पर इजरायली हमले की आशंका से निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर रहा। क्रूड ऑयल के दाम में उछाल ने भी बाजार पर दबाव बनाया। इसके अलावा शेयर बाजार का कारोबार खत्म होने से ठीक पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एयर इंडिया का प्लेन क्रैश होने की खबरें आई, जिसके चलते एयरलाइन, होटल और ऑनलाइन ट्रैवल बुकिंग कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स करीब 823.16 अंक या 1 फीसदी का गोता लगाकर 81,691.98 पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 253.20 अंक या 1.01 फीसदी टूटकर 24,888.20 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों के ₹6.15 लाख करोड़ डूबे

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 12 जून को घटकर 449.42 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार 11 जून को 455.57 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 6.15 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 6.15 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के 27 शेयर लाल निशान में बंद

बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर आज गिरावट के साथ साथ बंद हुए। इसमें भी टाटा मोटर्स (Tata Motors) का शेयर 2.89 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाइटन (Titan), इटर्नल (Eternal), पावर ग्रिड (Power Grid) और टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 2.24 फीसदी से लेकर 2.52% तक की गिरावट देखी गई।

सेंसेक्स के सिर्फ 3 शेयर हरे निशान में बंद

दूसरी ओर सेसेक्स के सिर्फ 3 शेयर ही आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserve) के शेयरों में 0. 73 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके अलावा एशियन पेंट (Asian Paint) और टेक महिंद्रा (Tech Mahindra)के शेयर क्रमश: 0.43 फीसदी और 0.36 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

2,726 शेयरों में रही तेजी

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,151 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,283 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,726 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 142 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 97 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 34 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

यह भी पढ़ें- एयर इंडिया प्लेन क्रैश के बाद शेयर बाजार में भूचाल, इंडिगो-स्पाइसजेट के शेयर 3% टूटे, बोइंग भी 5% लुढ़का

Tags: #share markets

First Published: Jun 12, 2025 4:15 PM

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।