News Image
Money Control

Share Markets: शेयर बाजार का अचानक पलटा मूड! सेंसेक्स दिन के हाई से 700 अंक फिसला; जानें 3 बड़े कारण

Published on 25/02/2026 02:51 PM

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार 25 फरवरी को भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में दिखी तेजी, दोपहर तक टिक नहीं पाई। भारी मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स अपने दिन के उच्च स्तर से करीब 700 अंक फिसल गया। वहीं निफ्टी मनोवैज्ञानिक रूप से अहम माने जा रहे 25,600 के स्तर के नीचे आ गया। सबसे अधिक गिरावट PSU बैंक और FMCG शेयरों में देखने को मिली।

दोपहर 12:37 बजे के करीब, सेंसेक्स महज 7 अंकों की बढ़त के साथ 82,233 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 38 अंक या 0.15 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 25,462 के आसपास था। इससे पहले कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 82,957 का इंट्राडे हाई छुआ था और निफ्टी 25,652 तक पहुंचा था।

हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मजबूती बनी रही। सभी निफ्टी मिडकैप इंडेक्स लगभग 0.6% ऊपर रहे। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स इंडेक्स करीब 0.8% ऊपर था।

शेयर बाजार में आज के इस तेज उठापटक के पीछे 3 बड़ी वजहें रहीं-

मुनाफावसूली

सुबह के कारोबार में करीब 0.9% की तेजी के बाद निवेशकों ने ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली शुरू कर दी। Bank Nifty दिन के उच्च स्तर से 0.7% गिर गया। निफ्टी IT इंडेक्स भी 2% की इंट्राडे बढ़त से फिसलकर करीब 1% नीचे आ गया।

चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग के रिसर्च एनालिस्ट हितेश टेलर ने कहा, “ग्लोबल अनिश्चितता और बढ़ती अस्थिरता के बीच ट्रेडर्स को अनुशासित और चुनिंदा रुख अपनाना चाहिए। सुधार के दौरान मजबूत फंडामेंटल वाले शेयरों पर ध्यान देना जरूरी है। नए लॉन्ग पोजिशन केवल तब खोले जाने चाहिए जब निफ्टी 25,800 के ऊपर स्पष्ट और लगातार ब्रेकआउट करे। ऐसा होने पर बाजार में सुधार और मजबूत तेजी की संभावना साबित होती है।”

2. विदेशी निवेशकों की बिकवाली

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 24 फरवरी को फिर से बिकवाली शुरू कर दी। FIIs ने मंगलवार को 102 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,161 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया। लेकिन FII की निकासी से बाजार में दबाव बढ़ा।

3. तकनीकी स्तर

मार्केट एनालिस्ट्स का मानना है कि निफ्टी का 25,670 के ऊपर टिककर न रह पाना भी कमजोरी का संकेत है। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट आनंद जेम्स ने बताया, 25,670 के ऊपर स्थिर कारोबार मजबूती का संकेत देगा और तब 25,900 का टारगेट दिख सकता है। लेकिन अगर निफ्टी 25,530 के ऊपर टिकने में असफल रहता है तो ऊपर की रफ्तार कमजोर पड़ सकती है।

यह भी पढ़ें- Share Market Rise: शेयर बाजार में इन 5 कारणों से लौटी तेजी; सेंसेक्स 600 अंक उछला, निफ्टी 25,600 के पार

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।