News Image
Money Control

Share Markets: शेयर बाजार में इन 4 वजहों से लौटी तेजी, सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 350 अंक उछला

Published on 18/02/2026 02:47 PM

Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार 18 फरवरी को दोपहर बाद रिकवरी देखने को मिली। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 350 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 25,750 के पार चला गया। इसके चलते दोनों इंडेक्स लाल निशान से हरे निशान में आ गए। हालांकि इससे पहले शुरुआती घंटे में सेंसेक्स एक समय 280 अंकों तक लुढ़क गया था। वहीं निफ्टी गिरकर 25,650 के नीचे चला गया था। हालांकि दोपहर बाद बाजार में खरीदारी लौटी।

दोपहर 2 बजे के करीब, बीएसई सेंसेक्स 79.95 अंक या 0.096 फीसदी की तेजी के साथ 83,530.60 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्ट 31.80 अंक या 0.12 फीसदी उछलकर 25,757.20 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार में आज की इस रिकवरी के पीछे 4 बड़े कारण रहे-

विदेशी निवेशकों की खरीदारी

एनएसई (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, 17 फरवरी को विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार में नेट खरीदार रहे। उन्होंने कुल ₹995 करोड़ के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) भी इस दिन खरीदार रहे और उन्होंने ₹187 करोड़ के शेयर खरीदे। इससे बाजार के सेंटीमेंट को मजबूत मिली।

चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट आकाश शाह के अनुसार, लगातार दो दिनों की बिकवाली के बाद 17 फरवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने दोबारा खरीदारी की और ₹995 करोड़ का निवेश किया। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने लगातार चौथे सत्र में खरीदारी जारी रखी और ₹187 करोड़ का शुद्ध निवेश किया।

2. वैल्यू बायिंग

शेयर बाजार में निचले स्तरों से जो हल्की रिकवरी दिखी, उसके पीछे वैल्यू बायिंग भी एक वजह हो सकती है। सेंसेक्स लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद पिछले दो दिनों से हरे निशान में है। इससे पहले भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील की घोषणा के बाद बाजार में तेज उछाल आया था, लेकिन बाद में उसका असर कमजोर पड़ गया।

इसी तरह Nifty 50 भी दो दिनों की गिरावट के बाद पिछले दो दिनों से बढ़त दर्ज कर रहा है। ट्रेड डील की खबर के बाद दोनों इंडेक्सों में पहले अच्छी तेजी देखी गई थी।

3. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

पिछले कुछ दिनों से कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वे ईरान और अमेरिका के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर जिनेवा में होने वाली बातचीत में “अप्रत्यक्ष रूप से” शामिल रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि ईरान समझौता करना चाहता है। इससे ग्लोबल स्तर पर तनाव घटा है, जिससे क्रूड की कीमतों में गिरावट आई। दूसरी ओर, यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधि भी जिनेवा में अमेरिका की मध्यस्थता में शांति वार्ता के नए दौर के लिए मिलने वाले हैं।

4. इंडिया VIX

शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद घबराहट का संकेत देने वाले इंडिया VIX में भी आज 3% से अधिक की गिरावट आई और यह 12.28 अंक पर आ गया। भूराजनीतिक तनाव में कमी और बाजार में घटती अस्थिरता ने भी बाजार की तेजी को सहारा दिया।

चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?

कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान के मुताबिक, ट्रेडर्स के लिए 25,600/83,000 और 25,500/82,700 अहम सपोर्ट स्तर हैं। उन्होंने कहा कि जब तक बाजार इन स्तरों के ऊपर बना रहता है, तब तक तेजी का रुख जारी रह सकता है।

उन्होंने कहा कि ऊपर की ओर 25,800/83,700 तत्काल रेजिस्टेंस (रुकावट) का स्तर होगा। अगर बाजार 25,800/83,800 के ऊपर मजबूती से निकलता है, तो यह 25,950–26,000/84,200–84,500 तक जा सकता है। वहीं, अगर बाजार 25,500/82,700 के नीचे फिसलता है, तो मौजूदा तेजी कमजोर पड़ सकती है।

यह भी पढ़ें- Cigarette Stocks: सिगरेट कंपनियों के शेयरों में भारी तेजी; ITC, गॉडफ्रे फिलिप्स के भाव 12% तक उछले, जानें कारण

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।