News Image
Money Control

शेयर बाजार कर रहा वापसी? सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 750 अंक उछला; जानें 5 बड़े कारण

Published on 12/03/2026 02:29 PM

Share Markets: भारतीय शेयर बाजार में आज 12 मार्च को शुरुआती तेज गिरावट के बाद कुछ रिकवरी देखने को मिली। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 750 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी एक बार फिर 23,800 के पार पहुंच गया। हालांकि इस रिकवरी के बावजूद अभी भी दोनों इंडेक्स लाल निशान में बने हुए हैं। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि बाजार में यह रिकवरी वैल्यू बाइंग, कच्चे तेल से जुड़ी राहत और कुछ सेक्टरों में खरीदारी के कारण देखने को मिला।

इससे पहले शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 992.53 अंक या 1.29 प्रतिशत गिरकर 75,871.18 तक पहुंच गया था। वहीं निफ्टी 310.55 अंक या 1.3 प्रतिशत गिरकर 23,556.30 तक फिसल गया था।

हालांकि बाद में बाजार ने काफी हद तक वापसी की कोशिश की। दोपहर 1:45 बजे के करीब, सेंसेक्स 301.97 अंक गिरकर 76,561.74 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं निफ्टी केवल 41.50 अंक या 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,825.35 के स्तर पर पहुंच गया था।

शेयर बाजार की इस रिकवरी के पीछे 5 बड़े कारण रहे-

1. कच्चे तेल से जुड़ी राहत

शेयर बाजार को राहत तब मिली जब रिपोर्ट सामने आई कि ईरान ने भारतीय झंडे वाले तेल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है। CNN-News18 ने सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। इससे भारत के लिए एनर्जी सप्लाई को लेकर चिंताएं कुछ कम हुईं और निवेशकों का भरोसा बढ़ा।

2. वैल्यू बाइंग

पिछले दिन की भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने आज मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों में निचले स्तरों पर खरीदारी की। इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज में खरीदारी देखने को मिली, जिसके शेयर एक प्रतिशत से अधिक उछल गए। कोल इंडिया, NTPC और अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में भी 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली।

इससे पहले बुधवार को बाजार में तेज गिरावट आई थी। उस दिन सेंसेक्स 1,342.27 अंक या 1.72 प्रतिशत गिरकर 76,863.71 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 394.75 अंक या 1.63 प्रतिशत गिरकर 23,866.85 पर बंद हुआ था।

3. तकनीकी कारण

टेक्निकल एनालिस्ट्स के अनुसार पिछले सत्र की तेज गिरावट के बाद बाजार में रिकवरी की संभावना बनी थी। जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट,आनंद जेम्स के अनुसार निफ्टी को मजबूती बनाए रखने के लिए 23,990 के ऊपर जाना होगा। अगर यह स्तर पार हो जाता है तो बाजार में और तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं अगर निफ्टी 23,697 के नीचे फिसलता है तो यह 23,550 से 23,370 के स्तर तक गिर सकता है।

4. आईटी शेयरों में सीमित गिरावट

आईटी सेक्टर के शेयरों में काफी हद तक स्थिर रहने से भी बाजार को सहारा मिला। आईटी कंपनियों की कमाई का बड़ा हिस्सा डॉलर में होता है, इसलिए रुपये की कमजोरी से उन्हें फायदा होता है। इस दौरान रुपया डॉलर के मुकाबले 31 पैसे कमजोर होकर 92.32 के स्तर पर पहुंच गया। विदेशी निवेशकों की बिकवाली, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और मजबूत डॉलर इसके प्रमुख कारण रहे।

5. बिजली कंपनियों के शेयरों में खरीदारी

गैस की संभावित कमी की आशंका के बीच पावर सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी 50 में कोल इंडिया और पावर ग्रिड जैसे शेयरों में लगभग 4 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें- Precision Wires Shares: वायर कंपनी के शेयर 7% तक टूटे, मिडिल ईस्ट संकट से सप्लाई चेन पर आया दबाव

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।