Published on 25/02/2026 12:42 PM
SpiceJet Shares: स्पाइसजेट के शेयरों में बुधवार 25 फरवरी को एक ब्लॉक डील के बाद भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर 10 प्रतिशत तक टूटकर अपनी लोअर सर्किट सीमा पर पहुंच गए। इस ब्लॉक डील के जरिए कंपनी की करीब 8.4% इक्विटी हिस्सेदारी का लेनदेन हुआ। इस डील में स्पाइसजेट के करीब 15 करोड़ शेयर एक साथ ट्रेड हुए, इससे बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया।
सुबह 11 बजे के आसपास स्पाइसजेट के शेयर बीएसई पर 10% गिरकर 12.88 रुपये के भावपर कारोबार कर रहा था। यह लगातार सातवां दिन है जब इस एयरलाइन कंपनी के शेयर में गिरावट आई है। पिछले सात कारोबारी दिनों में यह शेयर करीब 25% टूट चुका है।
ब्लॉक डील से बढ़ी बेचैनी
बड़े पैमाने पर शेयर बिक्री से यह संकेत गया कि किसी बड़े निवेशक ने हिस्सेदारी घटाई है। इससे छोटे निवेशकों में घबराहट बढ़ी। हालांकि ब्लॉक डील में शामिल खरीदार और विक्रेता की जानकारी तुरंत सामने नहीं आ पाई थी।
फ्लीट बढ़ाने की योजना
स्पाइसजेट ने पिछले हफ्ते बताया था कि वह अपने विमानों की संख्या को लगभग 60 तक बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए एयरलाइन वेट और डैम्प लीज मॉडल का इस्तेमाल करेगी। साथ ही जो विमान लंबे समय से ग्राउंडेड थे, उन्हें फिर से सेवा में लाने की कोशिश की जा रही है।
मार्केट शेयर में सुधार
एयरलाइन के एक बयान के मुताबिक, दिसंबर में स्पाइसजेट का घरेलू बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 4.3% हो गई, जबकि पिछले साल सितंबर में यह सिर्फ 1.9% था। इसके पीछे दिसंबर तिमाही में क्षमता में 56% की बढ़ोतरी मुख्य कारण रही।
बयान में यह भी कहा गया है कि एयरलाइन अपनी क्षमता को दोगुना करने की योजना बना रही है और विंटर 2026 तक उपलब्ध सीट किलोमीटर क्षमता को 220 करोड़ तक पहुंचाना चाहती है।
बांग्लादेश एयरस्पेस पर रोक
इस बीच SpiceJet को एक और झटका लगा है। सूत्रों के अनुसार बांग्लादेश ने एयरलाइन को अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल से रोक दिया है। बताया जा रहा है कि बकाया भुगतान नहीं होने के कारण यह कदम उठाया गया। बांग्लादेश के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल न कर पाने के कारण कोलकाता से गुवाहाटी और इंफाल जाने वाली कुछ उड़ानों को लंबा रास्ता लेना पड़ रहा है। Flightradar24 के डेटा से भी यह दिखा कि संबंधित उड़ानें बांग्लादेश एयरस्पेस से नहीं गुजर रहीं।
कंपनी का बयान
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने संपर्क किए जाने पर गुरुवार को कहा कि एयरलाइन नियमित रूप से संबंधित अधिकारियों के साथ ऑपरेशनल और प्रक्रियागत मामलों पर बातचीत कर रही है, जिसमें नेविगेशन से जुड़े शुल्क भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- Share Market Rise: शेयर बाजार में इन 5 कारणों से लौटी तेजी; सेंसेक्स 600 अंक उछला, निफ्टी 25,600 के पार
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।