Published on 18/03/2026 10:35 AM
DEE Development Engineers Shares: डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स के शेयरों में बुधवार 18 मार्च को भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में ही 10 प्रतिशत तक टूटकर 281.80 रुपये के स्तर पर आ गए। कंपनी ने बताया कि मिडिल ईस्ट में जारी जंग के चलते उसके एक्सपोर्ट ऑर्डर पर असर पड़ा है। इसी के बाद इसके शेयरों में बिकवाली आई।
कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी एक जानकारी में बताया कि होर्मुज समुद्री मार्ग में रुकावट के कारण उसके मिडिल ईस्ट के ग्राहकों को भेजे जाने वाले एक्सपोर्ट ऑर्डर प्रभावित हुए हैं। कंपनी के मुताबिक, कुछ शिपमेंट्स जो निकट भविष्य में भेजे जाने थे, अब देरी या रद्द होने के जोखिम में हैं। यह स्थिति उनके कॉन्ट्रैक्ट्स के तहत “फोर्स मेजर” की श्रेणी में आती है।
कंपनी ने यह भी कहा कि उसने प्रभावित विदेशी ग्राहकों से संपर्क किया है और मौजूदा परिस्थितियों में उनके साथ मिलकर समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।
इस बीच, सरकार ने एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट 1955 के तहत नैचुरल गैस की सप्लाई को नियंत्रित करने के लिए नैचुरल गैस (सप्लाई रेगुलेशन) ऑर्डर, 2026 को लागू किया है। इसका भी असर कंपनी पर पड़ा है। नए नियमों के तहत इंडस्ट्रियल और कमर्शियल उपभोक्ताओं को गैस और एलपीजी की सप्लाई सीमित कर दी गई है, जिससे घरेलू ग्राहकों को सप्लाई भी प्रभावित हो सकती है।
हालांकि, कंपनी ने साफ किया कि इन चुनौतियों का उसके कुल प्रदर्शन पर सीमित असर पड़ेगा। कंपनी के मुताबिक उसकी ऑर्डर बुक मजबूत है, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता पूरी तरह चालू है और वित्तीय स्थिति स्थिर बनी हुई है।
DEE Development Engineers मुख्य रूप से ऑयल एंड गैस, पावर और केमिकल सेक्टर के लिए पाइपिंग सॉल्यूशंस मुहैया कराती है और भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सक्रिय है।
सुबह 10.20 बजे के करीब, डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स के शेयर एनएसई पर 9.01 फीसदी की गिरावट के साथ 284.90 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि इससे पहले फरवरी महीने में इस शेयर में 55 प्रतिशत की शानदार तेजी देखने को मिली थी।
यह भी पढ़ें- Stocks to BUY: ब्रोकरेज फर्म CLSA की लिस्ट में टॉप पर हैं ये 2 आईटी शेयर, 78% तक मिल सकता है रिटर्न
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।