Published on 07/01/2026 02:10 PM
Balu Forge Share Price: बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज के शेयरों में आज 7 जनवरी को भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में 20 प्रतिशत तक टूटकर लोअर सर्किट पर आ गए। एनएसई पर यह शेयर गिरकर 465.30 रुपये के स्तर पर आ गया। कारोबार की शुरुआत भी कमजोर रही थी और स्टॉक करीब 2.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुला था।
बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज के शेयर पिछले 5 दिनों से लगातार लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। इन 5 दिनों में इसके शेयरों में करीब 23 फीसदी तक की गिरावट आ चुकी है। पिछले एक साल में शेयर करीब 38 प्रतिशत टूट चुका है, जबकि बीते छह महीनों में इसमें लगभग 32 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
गिरावट के साथ-साथ शेयर में ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी असामान्य रूप से उछाल देखने को मिली। दोपहर 12:30 बजे तक, NSE पर कंपनी के करीब 90 लाख शेयरों का कारोबार हुआ, जिसका कुल टर्नओवर लगभग 440.78 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, कंपनी की ओर से शेयर बाजारों को हाल फिलहाल में ऐसी कोई जानकारी नहीं भेजी गई है, जिसे इस गिरावट का सीधा कारण माना जा सके।
इस गिरावट के चलते कंपनी का मार्केट कैप अब घटकर करीब 5,736.07 करोड़ रुपये रह गया है। बता दें कि हाल ही में कंपनी के प्रमोटर्स ने खुले बाजार से 19,000 शेयर खरीदे थे।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
वित्तीय नतीजों की बात करें तो कंपनी का प्रदर्शन हालिया सितंबर तिमाही में मजबूत रहा था। सितंबर तिमाही में बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 35.5 प्रतिशत बढ़कर 65 करोड़ रुपये पर पहुंच गया था। इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 34.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 299.5 करोड़ रुपये रहा।
ऑपरेटिंग स्तर पर भी कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया था, जहां EBITDA सालाना आधार पर 27.6 प्रतिशत बढ़कर ₹82.8 करोड़ हो गया और EBITDA मार्जिन बढ़कर 27.6 प्रतिशत पर पहुंच गया।
क्या करती है कंपनी?
कंपनी के कारोबार की बात करें तो बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज की स्थापना 1989 में हुई थी। यह कंपनी पूरी तरह से तैयार और सेमी-फिनिश्ड फोर्ज्ड कंपोनेंट्स का निर्माण करती है। कंपनी नई एमिशन रेगुलेशंस और न्यू एनर्जी व्हीकल्स से जुड़े कंपोनेंट्स बनाने की क्षमता रखती है। इसके पास पूरी तरह इंटीग्रेटेड फोर्जिंग और मशीनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर है और इसका प्रोडक्ट पोर्टफोलियो 1 किलो से 1000 किलो तक के विभिन्न कंपोनेंट्स को कवर करता है।
यह भी पढ़ें- वेनेजुएला का शेयर बाजार एक दिन में 50% उछला, क्या अमेरिकी हमले का पहले ही मिल गया था संकेत?
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। बसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।