Published on 24/02/2026 12:47 PM
Stocks To Buy: नॉर्दर्न आर्क कैपिटल लिमिटेड के शेयरों में आज 24 फरवरी को 3 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इस शेयर को 'Buy’ की रेटिंग के साथ कवर करना शुरू किया। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए 360 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह सोमवार के बंद भाव से करीब 46% की संभावित तेजी का अनुमान है।
हालांकि मोतीलाल ओसवाल ने अपने ‘बुल केस’ आउटलुक में इस शेयर के 75% तक चढ़ने का अनुमान लगाया है।
अलग पहचान वाला बिजनेस मॉडल
ब्रोकरेज का कहना है कि नॉर्दर्न आर्क कैपिटल ने एक अलग और मजबूत फाइनेंशियल सर्विस इकोसिस्टम तैयार किया है। कंपनी MSME, कंज्यूमर और ग्रामीण बाजारों जैसे कम सेवा प्राप्त रिटेल क्रेडिट सेगमेंट पर ध्यान देती है।
कंपनी का देशभर में फैला डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और खुद का टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म लोन सोर्सिंग, अंडरराइटिंग और रिकवरी प्रक्रिया को मजबूत बनाता है।
मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि कंपनी ने अपने मुख्य सेगमेंट में एंड-टू-एंड इन-हाउस क्षमताएं विकसित की हैं, जिससे उधारकर्ताओं, ओरिजिनेटर्स और निवेशकों के लिए एक इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म तैयार हुआ है।
बिजनेस मिक्स में बड़ा बदलाव
ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी ने वित्त वर्ष 2021 में 81% हिस्सेदारी वाले IR-आधारित पोर्टफोलियो से अब अधिक यील्ड वाले D2C मॉडल की ओर शिफ्ट किया है। फिलहाल D2C पोर्टफोलियो 56% तक पहुंच चुका है। अगले 2–3 सालों में इसके 70% तक ले जाने का लक्ष्य है। इस बदलाव से कंपनी की यील्ड और प्रॉफिटेबिलिटी में सुधार होने की उम्मीद है।
रिस्क मैनेजमेंट और स्थिरता
ब्रोकरेज ने कंपनी के रिस्क मैनेजमेंट मॉडल को मजबूत बताया है। फील्ड लेवल निगरानी, FLDG स्ट्रक्चर, CGFMU गारंटी और क़े पार्टनर ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया से क्रेडिट लागत को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। फंड मैनेजमेंट और प्लेसमेंट गतिविधियों से मिलने वाली फीस इनकम भी रेवेन्यूको डायवर्सिफाई बनाती है और इनकम में स्थिरता लाती है।
वैल्यूएशन आकर्षक
मोतीलाल ओसवाल ने बताया कि नॉर्दर्न आर्क कैपिटल के शेयर अभी वित्त वर्ष 2027 के अनुमानित P/E के आधार पर करीब 7 गुना पर कारोबार कर रहा है। ब्रोकरेज इसे बेहतर बिजनेस मिक्स और कमाई की स्पष्टता को देखते हुए आकर्षक वैल्यूएशन मानता है।
ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 से 2028 के दौरान कंपनी के एसेट अंडर मैनेजमेंट (20%) CAGR की दर से बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं शुद्ध मुनाफे में इस 34% CAGR की ग्रोथ दिख सकती है। वित्त वर्ष 2028 तक RoA 3.2% और RoE 15% रहने का अनुमान है।
खबर लिखे जाने के समय, नॉर्दर्न आर्क कैपिटल के शेयर 2.56% बढ़कर 252.20 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। हालांकि, यह अभी भी अपने 263 रुपये के IPO प्राइस से नीचे है।
यह भी पढ़ें- Share Market Crash: शेयर बाजार इन 5 कारणों से धड़ाम; सेंसेक्स 800 अंक टूटा, निफ्टी भी 25,500 के नीचे
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।