Published on 23/03/2026 09:32 PM
Stocks to Watch: शेयर बाजार में उतार चढ़ाव के बीच कुछ कंपनियों से जुड़ी अहम खबरें सामने आई हैं। इनका असर उनके स्टॉक्स पर दिख सकता है। कई कंपनियों ने बड़े ऑर्डर हासिल किए हैं, तो कुछ ने नई नियुक्ति, अधिग्रहण या फंड जुटाने से जुड़े फैसले लिए हैं। आइए जानते हैं 24 मार्च को किन 14 स्टॉक्स पर निवेशकों की नजर रहेगी।
HDFC Bank
SEBI प्रमुख तुहिन कांत पांडे ने HDFC Bank के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे पर कहा कि बोर्ड स्तर पर संस्थागत प्रक्रियाएं और पारदर्शिता बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र निदेशकों को तय आचार संहिता का पालन करना होता है और किसी भी चिंता को बोर्ड बैठक की कार्यवाही में औपचारिक रूप से दर्ज किया जाना चाहिए।
Energy Stocks
कच्चे तेल की कीमतों से जुड़े स्टॉक्स पर खास नजर रहेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर प्रस्तावित हमलों को टालने के फैसले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली है। ऐसे में तेल की कीमतों की चाल से प्रभावित होने वाले एनर्जी सेक्टर के शेयरों में भी हलचल देखने को मिल सकती है।
InterGlobe Aviation
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo को चलाने वाली InterGlobe Aviation ने आलोक सिंह को नया चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर नियुक्त किया है। कंपनी के मुताबिक- वह 6 अप्रैल से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। इस भूमिका में आलोक सिंह लंबी अवधि की स्ट्रैटेजिक प्लानिंग और कंपनी के ट्रांसफॉर्मेशन इनिशिएटिव्स को लीड करेंगे।
SEPC Limited
SEPC Limited ने बड़ा अधिग्रहण करने का फैसला किया है। कंपनी अबू धाबी स्थित Avenir International Engineers and Consultants में 90 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 1,530 करोड़ रुपये में खरीदेगी। इस डील से कंपनी के बिजनेस विस्तार और आगे की ग्रोथ की संभावनाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Coal India
सरकारी कंपनी कोल इंडिया को अपनी सहायक कंपनियों Mahanadi Coalfields Limited और South Eastern Coalfields Limited में विनिवेश के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। यह विनिवेश OFS यानी Offer for Sale के जरिए किया जाएगा, जिसमें दोनों कंपनियों में 25 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेची जा सकती है।
इसके अलावा कंपनी ने अपनी सब्सिडियरी के लिए 3,160 करोड़ रुपये की कॉरपोरेट गारंटी जारी करने को भी मंजूरी दी है। यह गारंटी CIL Rajasthan Akshay Urja Limited के सोलर प्लांट प्रोजेक्ट के लिए होगी। साथ ही कोल इंडिया ने सिंगापुर में एक इंटरमीडिएट होल्डिंग कंपनी बनाने को भी मंजूरी दी है। इसे कंपनी के अंतरराष्ट्रीय विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
IRFC
सरकारी रेल कंपनी IRFC ने लॉन्गटर्म लोन के रि-फाइनेंस के लिए हिंदुस्तान उर्वरक और रसायन लिमिटेड (HURL) के साथ 12,842 करोड़ रुपये का रुपया सावधि लोन एग्रीमेंट किया है। इस समझौते के तहत कंपनी HURL को लंबी अवधि का फाइनेंशियल सपोर्ट देगी।
NBCC
सरकारी कंपनी NBCC (India) को ओडिशा के महाराजा श्रीराम चंद्र भंजा देव यूनिवर्सिटी, बारिपदा से करीब 58.61 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ग्रांट के तहत इमारतों, सड़कों और ड्रेनेज के निर्माण के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी सेवाओं से जुड़ा है।
GR Infra
इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी GR Infra ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे NHAI से बिहार में 2,440.87 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर NH33 के ग्रीनफील्ड सेक्शन के निर्माण से जुड़ा है।
GNG Electronics
GNG Electronics ने ICICI Bank के साथ सप्लीमेंटल और संशोधित एग्रीमेंट साइन किया है। इसके तहत कंपनी की क्रेडिट सुविधा सीमा 40 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 72 करोड़ रुपये कर दी गई है, ताकि वर्किंग कैपिटल की जरूरतें पूरी की जा सकें।
GOCL Corporation
हिंदुजा ग्रुप की GOCL Corporation ने बेंगलुरु के येलहंका स्थित करीब 38 एकड़ के Ecopolis प्रोजेक्ट की जमीन को जल्दी मोनेटाइज करने को मंजूरी दी है। कंपनी इस जमीन और बिल्डिंग को एक बड़े भारतीय इंडस्ट्रियल ग्रुप को करीब 2,261 करोड़ रुपये में चरणों में बेचेगी। इस डील से GOCL को लगभग 815 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है।
Trent
टाटा ग्रुप की Trent Limited ने 26 मार्च 2026 को बोर्ड बैठक बुलाने का ऐलान किया है। इसमें निजी प्लेसमेंट के जरिए 500 करोड़ रुपये तक के अनसिक्योर्ड, रिडीमेबल नॉन कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD) जारी करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। कंपनी के 500 करोड़ रुपये के मौजूदा NCD 29 मई 2026 को रिडीम होने वाले हैं।
Wipro
दिग्गज आईटी कंपनी Wipro ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि कंपनी ने सियोल, दक्षिण कोरिया में एक नई इनोवेशन लैब लॉन्च की है। इस कदम को कंपनी के ग्लोबल टेक्नोलॉजी और रिसर्च विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
Dredging Corporation of India
कंपनी में मैनेजमेंट स्तर पर बदलाव हुआ है। एस. दिवाकर को नया मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि यह बदलाव कंपनी के ऑपरेशंस और भविष्य की रणनीति पर असर डाल सकता है।
Balkrishna Industries
Balkrishna Industries ने बताया कि उसकी फाइनेंस कमेटी ने 1 लाख रुपये फेस वैल्यू वाले 75,000 रेटेड, लिस्टेड, अनसिक्योर्ड, रिडीमेबल नॉन कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD) जारी करने को मंजूरी दी है। यह इश्यू निजी प्लेसमेंट के जरिए किया जाएगा, जिसकी कुल राशि 750 करोड़ रुपये तक हो सकती है।
Nifty Outlook: ट्रंप के बयान के बाद कैसी रहेगी निफ्टी की चाल? एक्सपर्ट से जानिए अहम लेवल
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।