News Image
Money Control

टाटा मोटर्स की दोनों कंपनियां अब खुद तय कर सकेंगी अपनी राह: एन चंद्रशेखरन

Published on 12/11/2025 01:28 PM

Tata Motors Demerger: टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा मोटर्स के डीमर्जर के बाद बनी दोनों कंपनियां अब अपनी दिशा खुद स्वतंत्र रूप से तय कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि अब तक कमर्शियल व्हीकल डिवीजन का मुनाफा पैसेंजर व्हीकल बिजनेस की कैपिटल एक्सपेंडिचर जरूरतों को पूरा करता था। लेकिन डीमर्जर के बाद अब दोनों कंपनियां अपने संसाधनों और रणनीति पर अलग-अलग ध्यान दे पाएंगी।

एन चंद्रशेखरन, टाटा मोटर्स के चेयरमैन भी है। उन्होंने बुधवार 12 नवंबर को टाटा मोटर्स लिमिटेड (कमर्शियल व्हीकल) की लिस्टिंग के मौके पर ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा, “टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) को अभी तक हमेशा टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स (TMCV) के प्रदर्शन से सपोर्ट मिलता रहा। असल में, कैश फ्लो कमर्शियल व्हीकल्स (CV) बिजनेस से आता था और पैसेंजर व्हीकल (PV) यूनिट के कैपिटल एक्सपेंडिचर में समा जाता था। इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना था कि दोनों कंपनियां मजबूत हों और उनकी दिशा स्पष्ट हो।”

"2017-18 में आया था डिमर्जर का विचार"

चंद्रशेखरन ने बताया कि टाटा मोटर्स को दो अलग-अलग कंपनियों में बांटने का विचार सबसे पहले 2017-18 में आया था, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान यह डीमर्जर योजना रुक गई। कुछ साल बाद इस पर फिर काम शुरू हुआ और आखिरकार यह योजना अब जाकर साकार हुई है।

टाटा मोटर्स लिमिटेड (कमर्शियल व्हीकल) के शेयर बुधवार 12 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हुए। वहीं टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) के शेयर पहले ही स्टॉक एक्सचेजों पर लिस्ट हो चुके हैं। TMPV में कंपनी के पैसेंजर और इलेक्ट्रिक व्हीकल बिजनेस के अलावा जगुआर लैंड रोवर (JLR) का बिजनेस भी शामिल है।

एन चंद्रशेखरन ने कहा, “मुझे करीब 8-9 साल पहले ही साफ दिख रहा था कि यह टाटा मोटर्स कंपनी दो अलग राहों पर चलने के लिए बनी है। लेकिन डीमर्जर से पहले कंपनी को तैयार करना जरूरी था। हकीकत यह है कि CV यूनिट हमेशा मुनाफे में रही, जबकि PV यूनिट को लंबे समय तक नुकसान झेलना पड़ा।”

अंतरराष्ट्रीय विस्तार और Iveco का अधिग्रहण

टाटा मोटर्स ने इस साल जुलाई 2025 में इटली की कमर्शियल व्हीकल दिग्गज Iveco Group को लगभग 3.8 अरब यूरो में खरीदने का ऐलान किया था। यह सौदा टाटा मोटर्स का अब तक का सबसे बड़ा अधिग्रहण है और टाटा समूह के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा सौदा माना जा रहा है।

हालांकि यह ट्रांजैक्शन अभी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन चंद्रशेखरन ने भरोसा जताया कि “हम आने वाले कुछ महीनों में इसे पूरा करने की उम्मीद करते हैं।”

Tata Motors (CV) के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, गिरीश वाघ ने बताया “हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अफ्रीका, मिडल ईस्ट और एशिया में गहरी साझेदारियां बनाकर अपना विस्तार कर रहे हैं। Iveco के अधिग्रहण के बाद हम छह टन से ऊपर वाले ग्लोबल CV सेगमेंट में टॉप 4 कंपनियों में शामिल हो जाएंगे।”

यह भी पढ़ें- Tata Motors की कुल वैल्यू डीमर्जर के बाद 12% बढ़ी, मार्केट कैप ₹2.7 लाख करोड़ के पार

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।