Published on 08/10/2025 12:05 PM
Tata Motors Share Price: लग्जरी गाड़ियां बनाने वाली जगुआर लैंड रोवर (JLR) के सितंबर तिमाही के कारोबारी अपडेट पर आज टाटा मोटर्स के शेयर धड़ाम हो गए। टाटा मोटर्स की कंपनी जेएलआर के सितंबर तिमाही के वॉल्यूम पर साइबर हमले का असर दिखा और इसका झटका आज टाटा मोटर्स के शेयरों पर दिखा। निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए। फिलहाल बीएसई पर यह 1.41% की गिरावट के साथ ₹688.30 के भाव पर है। इंट्रा-डे में यह 1.82% फिसलकर ₹685.45 तक आ गया था। जेएलआर को लेकर ब्रोकरेज फर्म नुवामा के बेयरेश रुझान ने भी आज टाटा मोटर्स के शेयरों पर दबाव बनाया।
Jaguar Land Rover (JLR) के लिए कैसी रही सितंबर तिमाही?
हालिया साइबर हमले के चलते जगुआर लैंड रोवर को अस्थायी तौर पर अपने सिस्टम को बंद करने का ऐलान करना पड़ा। इसके चलते कंपनी के लिए सितंबर तिमाही के कारोबारी नतीजे उम्मीद से कमजोर रहे। जगुआर लैंड रोवर की थोक बिक्री सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 24.2% और खुदरा बिक्री 17.1% गिर गई। हालांकि जगुआर लैंड रोवर की बिक्री पर सिर्फ साइबर हमले के कारण ही नहीं बल्कि इसके पुराने मॉडलों के बंद होने और अमेरिका में बढ़ते टैरिफ के चलते भी झटका लगा।
सितंबर तिमाही में सभी मार्केट में इसकी बिक्री गिरी है। सितंबर तिमाही में जगुआर लैंड रोवर की सेल्स वॉल्यूम यूके में सालाना आधार पर 32.3%, उत्तरी अमेरिका में 9%, यूरोप में 12.1%, चीन में 22.5%, MENA (मिडिल ईस्ट और उत्तरी अफ्रीका) में 15.8% और बाकी देशों में 4.1% गिरी है।
ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि सितंबर तिमाही में इसका रेवेन्यू 22% और ऑपरेटिंग प्रॉफिट 52% फिसल सकता है। वहीं कंपनी के मैनेजमेंट ने मंगलवार को फिर कहा कि इसका फोकस कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग के काम को फिर से शुरू करना है। 8 अक्टूबर बुधवार से इंजन प्रो़डक्शन के प्लांट में काम शुरू हो चुका है। इसके बाद अब नित्रा (Nitra) और सोलिलुल (Solilull) में कार बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
टाटा मोटर्स के शेयर पिछले साल 9 अक्टूबर 2024 को ₹948.20 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से यह छह महीने में 42.78% फिसलकर 7 अप्रैल 2025 को ₹542.55 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 27 एनालिस्ट्स में से 12 ने इसे खरीदारी, 9 ने होल्ड और 6 ने सेल रेटिंग दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस ₹1300 और लोएस्ट टारगेट प्राइस ₹575 है।
लिस्टिंग पर ही पैसे डबल, ₹155 के शेयरों की 90% प्रीमियम पर एंट्री, फिर अपर सर्किट
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।