Published on 05/10/2025 11:09 PM
TCS Dividend 2025: आईटी दिग्गज टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) 9 अक्टूबर, 2025 को जुलाई-सितंबर तिमाही (Q2) के अपने वित्तीय नतीजे घोषित करने जा रही है। इस बैठक में TCS का बोर्ड वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दूसरा इंटरिम डिविडेंड भी मंजूर करेगा। TCS ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि 9 अक्टूबर को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में सितंबर 2025 को समाप्त तिमाही और छह महीने की अवधि के ऑडिटेड स्टैंडअलोन फाइनेंशियल रिजल्ट्स (Ind AS के तहत) रिकॉर्ड पर लिए जाएंगे।
डिविडेंड रिकॉर्ड डेट
TCS ने FY2025-26 के लिए प्रस्तावित दूसरे इंटरिम डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट 15 अक्टूबर, 2025 तय की है। इसका मतलब है कि यह डिविडेंड उन शेयरधारकों को मिलेगा जिनके नाम उस दिन कंपनी के रजिस्टर ऑफ मेंबर्स में या डिपॉजिटरी के रिकॉर्ड में शेयरों के लाभार्थी के रूप में दर्ज होंगे। FY26 की पहली तिमाही में बोर्ड ने ₹11 प्रति शेयर का इंटरिम डिविडेंड घोषित किया था।
TCS के पहली तिमाही के नतीजे
TCS ने जून 2025 को समाप्त पहली तिमाही (Q1 FY26) में सालाना आधार पर 5.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹12,760 करोड़ का नेट प्रॉफिट रिपोर्ट किया। तिमाही आधार पर नेट प्रॉफिट 4.38 प्रतिशत बढ़ा। पिछले साल इसी अवधि में नेट प्रॉफिट ₹12,040 करोड़ और पिछले क्वार्टर में ₹12,224 करोड़ था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू अप्रैल-जून 2025 में ₹63,437 करोड़ रही, जो पिछले साल ₹62,613 करोड़ से 1.13 प्रतिशत अधिक है।
TCS पर एक्सपर्ट की राय
TCS के पहली तिमाही (Q1 FY26) के नतीजे एनालिस्टों की उम्मीदों से बेहतर रहे थे। ब्लूमबर्ग के सर्वे के मुताबिक, एनालिस्टों ने TCS के Q1 FY26 नेट प्रॉफिट ग्रोथ को केवल 1.9 प्रतिशत बढ़कर ₹12,263 करोड़ रहने का अनुमान लगाया था। यह दिखाता है कि कंपनी की कमाई अपेक्षाओं से अधिक मजबूत रही है और निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत है।
छंटनी की खबरों का असर
पिछले दिनों TCS छंटनी की खबरों को लेकर चर्चा में रही। TCS ने बताया था कि वह करीब 12000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी, जो उसके कुल वर्कफोर्स का 2% है। हालांकि, कंपनी के कुछ कर्मचारियों और यूनियनों ने आरोप लगाया कि TCS में गलत तरीके से बड़े पैमाने पर छंटनी हो रही, जो 12000 की बताई संख्या से काफी अधिक है। TCS ने इस तरह की खबरों को खारिज किया है।
यह भी पढ़ें : Stocks to Buy: 32% तक रिटर्न दे सकते हैं ये 15 स्टॉक्स, एक्सिस सिक्योरिटीज ने दी खरीदने की सलाह
TCS के शेयरों का हाल
TCS के शेयर शुक्रवार को 0.38% की गिरावट के साथ 2,903.00 रुपये पर बंद हुए। पिछले 1 महीने में स्टॉक 4.77% नीचे आया है। वहीं, 1 साल में TCS के शेयर 32.06% गिर चुके हैं। इस साल यानी 2025 में देखें, तो स्टॉक 29.41% नीचे आया है। वहीं, पिछले 5 साल में स्टॉक से सिर्फ 3.20% का मामूली रिटर्न मिला है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।