News Image
Money Control

Tejas Networks को दक्षिण एशिया से मिला ऑर्डर, शेयर ने लगाई 8% तक की छलांग

Published on 16/03/2026 12:24 PM

टाटा ग्रुप की कंपनी तेजस नेटवर्क्स का शेयर 16 मार्च को लगभग 8 प्रतिशत तक उछला। BSE पर शेयर की कीमत 457.30 रुपये के हाई तक गई। कंपनी ने जानकारी दी है कि उसे दक्षिण एशिया के एक मोबाइल नेटवर्क से अपने अत्याधुनिक 4G रेडियो एक्सेस नेटवर्क समाधानों के लिए एक ऑर्डर मिला है। कंपनी के मल्टीबैंड रेडियो प्रोडक्ट्स को उस मोबाइल कंपनी के नेटवर्क में कई जगहों पर लगाया जाएगा।

Tejas Networks के चीफ स्ट्रैटेजी और बिजनेस ऑफिसर संजय मलिक ने एक बयान में कहा, "हमें अपने अंतरराष्ट्रीय वायरलेस कारोबार का विस्तार करने और अपने 4G/5G मोबिलिटी स्टैक को वैश्विक स्तर पर ले जाने की कोशिश में और प्रगति की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है। हम ग्राहक के नेटवर्क में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के साथ-साथ भारत और दुनिया भर के अन्य 4G/5G मोबाइल नेटवर्कों में भी इस सफलता को दोहराने की उम्मीद करते हैं।"

Tejas Networks शेयर एक महीने में 35 प्रतिशत मजबूत

तेजस नेटवर्क्स का मार्केट कैप 7900 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर एक महीने में 35 प्रतिशत चढ़ा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 914.50 रुपये और एडजस्टेड लो 294.10 रुपये है। हाल ही में तेजस नेटवर्क्स ने घोषणा की कि उसने 5G मैसिव मल्टीपल-इनपुट मल्टीपल-आउटपुट रेडियो के निर्माण और आपूर्ति के लिए NEC Corporation के साथ एक समझौता किया है।

Tejas Networks टेलिकॉम कंपनियों के लिए अलग-अलग तरह के उपकरण बनाती और सप्लाई करती है। इनमें 4G और 5G रेडियो एक्सेस नेटवर्क (RAN) समाधान भी शामिल हैं। यह BSNL को 4G/5G RAN इक्विपमेंट और IP/MPLS राउटर की सप्लाई करती है।

दिसंबर तिमाही में 196 करोड़ का घाटा

तेजस नेटवर्क्स का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में घाटा 196.55 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले कंपनी 165.67 करोड़ रुपये के मुनाफे में थी। स्टैंडअलोन बेसिस पर ऑपरेशंस से रेवेन्यू लगभग 88 प्रतिशत घटकर 306.79 करोड़ रुपये रहा। यह दिसंबर 2024 तिमाही में लगभग 2,642 करोड़ रुपये था। दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी के पास 537 करोड़ रुपये का कैश था।

Vodafone Idea का शेयर 5% तक उछला; JSW, ST Telemedia के निवेश कर सकने की खबर से बढ़ी खरीद

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।