News Image
Money Control

Tejas Networks Shares: 10% का जोरदार उछाल, इस एग्रीमेंट पर चहके शेयर

Published on 26/02/2026 11:31 AM

Tejas Networks Shares: वायरलाइन और वायरलेस नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स कंपनी तेजस नेटवर्क्स के शेयर आज रॉकेट की स्पीड से उछल पड़े और करीब 10% उछल पड़े। यह तेजी कंपनी के इस ऐलान पर आई कि उसका एनईसी कॉरपोरेशन के साथ एक एग्रीमेंट हुआ है। इस एग्रीमेंट ने शेयरों की चमक बढ़ा दी। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा तो उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी के चलते भाव अब भी काफी मजबूत बने हुए हैं। फिलहाल बीएसई पर यह 8.05% की बढ़त के साथ ₹343.50 पर है। इंट्रा-डे में यह 9.75% चढ़कर ₹348.90 तक पहुंच गया था।

NEC के साथ कैसा एग्रीमेंट हुआ है Tejas Networks का?

तेजस नेटवर्क्स ने एनईसी कॉरपोरेशन के साथ 5जी मैसिव मिमो (MIMO- मल्टीपल इनपुट मल्टीपल आउटपुट) रेडियोज के मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई को लेकर एक एग्रीमेंट किया है। तेजस नेटवर्क्स 4G और 5G रेडियो एक्सेस नेटवर्क (RAN) प्रोडक्ट्स तैयार कर उनकी सप्लाई करती है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में हाई-कैपेसिटी 32 टीआर और 64 टीआर मैसिव मिमो रेडियोज हैं जोकि 3जीपीपी और ओ-आरएएन, दोनों मानक पर खरे उतरते हैं।

एनईसी के साथ एग्रीमेंट पर तेजस नेटवर्क्स के सीओओ और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अरनब रॉय का कहना है कि वैश्विक टेलीकॉम कंपनियों के लिए कैरियर-क्लास प्रोडक्ट डेवलपमेंट में एनईसी की खूबियों से वायरलेस इनोवेशन तेज होंगी। एनईसी कॉरपोरेशन के ग्लोबल नेटवर्क के कॉरपोरेट सीनियर वाइस प्रेसिडेंट Masayuki Kayahara का कहना है कि 5जी मैसिव मिमो रेडियो के लिए डील तेजस नेटवर्क्स के साथ साझेदारी को और आगे बढ़ाती है। मासायुकी का यह भी कहना है कि इससे सप्लाई चेन का डाईवर्सिफिकेशन हुआ है जिससे ग्राहकों के रिस्क को कम करने में मदद मिलती है।

कैसी है तेजस नेटवर्क्स की कारोबारी सेहत?

तेजस नेटवर्क्स के कारोबारी सेहत की बात करें तो दिसंबर 2025 तिमाही लगातार चौथी तिमाही रही, जब इसे घाटा हुआ। हालांकि तिमाही आधार पर इसमें गिरावट आई। चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹196.5 करोड़ का घाटा हुआ तो सितंबर 2025 तिमाही में इसे ₹307 करोड़ के नुकसान हुआ था। हालांकि इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 17% बढ़कर ₹307 करोड़ पर पहुंच गया। सालाना आधार पर रेवेन्यू में 88% की गिरावट आई। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो दिसंबर 2025 तिमाही में इसे ₹134 करोड़ का ऑपरेटिंग लॉस हुआ था जबकि सितंबर 2025 तिमाही में यह आंकड़ा ₹293.7 करोड़ और दिसंबर 2024 तिमाही में ₹371.3 करोड़ था।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

तेजस नेटवर्क्स के शेयर पिछले साल 22 अप्रैल 2025 को ₹914.50 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से यह नौ ही महीने में 67.84% फिसलकर इस साल 27 जनवरी को ₹294.10 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।

Stock in News: सीईओ गए मेडिकल लीव पर, 4% टूट गया इस कंपनी का शेयर, आपके पोर्टफोलियो में है?

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।