Published on 17/10/2025 01:06 PM
भारत की लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप अपने एक साल के हाई के करीब पहुंच गया है। विदेशी निवेशकों की नई खरीदारी और भारत-अमेरिका ट्रेड के जल्द होने की बढ़ती उम्मीदों से बाजार को सपोर्ट मिल रहा है। इस तेजी को कॉर्पोरेट आय की बेहतर संभावनाओं और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बनी नरमी से भी सपोर्ट मिला,जिससे बाजार के ओवरऑल सेंटीमेंट में सुधार हुआ है।
बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप 467 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। ये लेवल पिछली बार 1 अक्टूबर, 2024 को देखने को मिला था। यह आंकड़ा पिछले साल 27 सितंबर को हासिल रिकॉर्ड हाई से केवल 2.3 फीसदी कम है। अक्टूबर की शुरुआत से अब तक, निवेशकों ने मार्केट वैल्यू में लगभग 16 लाख करोड़ रुपये का योगदान किया है।
यह बढ़त व्यापक आधार वाली रही है। इसमें लार्ज-कैप, मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में एक साथ बढ़त देखने को मिली है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही लगभग चार महीने के हाई पर पहुंच गए हैं। इस महीने इनमें अब तक 3.6 फीसदी की बढ़त हुई है। 26 सितंबर के रिकॉर्ड हाई से इनकी दूरी केवल 3.6 प्रतिशत रह गई है।
बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 3.66 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स में 2.1 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली है। सेक्टरवार, रियल्टी, आईटी और बैंकिंग शेयरों में तेजी का रुख रहा। निफ्टी रियल्टी में 7 प्रतिशत और निफ्टी बैंक और निफ्टी आईटी दोनों में 5.1 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली है। निफ्टी फार्मा और निफ्टी मेटल में 3 प्रतिशत और 2.5 प्रतिशत की बढ़त आई है।
मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों से मार्केट सेंटीमेंट सुधारा है। भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता में प्रगति से भी बाजार को सपोर्ट मिल रहा है।
बाजार जानकारों का कहना है कि बाज़ार का शॉर्ट टर्म रुझा तेज़ी का बना हुआ है, लेकिन ओवरबॉट स्थिति के चलते बाजार शॉर्ट टर्म में सीमित दायरे में रह सकता है। सेंसेक्स के लिए 83,200-82,900 पर अहम सपोर्ट है। वहीं, निफ्टी के लिए 25,500-25,400 पर बड़ा सपोर्ट है। ऊपर की तरफ निफ्टी के लिए 25,725-25,800 पर सेंसेक्स के लिए 83,800-84,000 के आसपास रेजिस्टेंस नजर आ रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सपोर्ट जोन से नीचे जाने पर तेज़ी का रुझान कमज़ोर हो सकता है।
पिछले आठ कारोबारी सत्रों में से छह सत्रों में एफआईआई नेट खरीदार रहे हैं। इन्होंने सेकेंडरी मार्केट में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इसी अवधि में 18,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।
Stock market today : Sensex 600 अंक तक भागा, Nifty ने इंट्राडे में हिट किया 1 साल का हाई, आज इन अहम स्तरों पर रहे नजर
धनतेरस से पहले,रुपये में मजबूती और अच्छे ग्लोबल संकेतों के दम पर बाजार में आई तेज उछाल ने हफ्तों की उठापटक के बाद निवेशकों के सेंटीमेंट को सुधार दिया है। फिर भी विश्लेषकों की तरफ से धैर्य रखने की सलाह मिल रही है। उनका कहना है कि भारी शॉर्ट पोजीशन और चुनिंदा शेयरों में मुनाफावसूली से संकेत मिल रहा है कि बाजार को एफआईआई की वापसी की पुष्टि करने से पहले एक साफ और टिकाऊ ट्रेंड की जरूरत है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।