News Image
Money Control

United Spirits के शेयर धड़ाम, RCB को ₹16600 करोड़ में बेचने पर आए 3% नीचे

Published on 25/03/2026 12:04 PM

United Spirits Shares: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही लड़ाई के थमने के संकेतों पर आज मार्केट में रौनक दिखी। इस रौनक के बीच यूनाइटेड स्पिरिट्स के शेयर शुरुआती कारोबार में ऊपर चढ़े तो लेकिन फिर धड़ाम हो गए। शेयरों में बिकवाली का यह दबाव ऐसे समय में आया है, जब कंपनी ने अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु (RCB) को ₹16,600 करोड़ ($178 करोड़) में बिक्री पूरी कर ली है। इस बिक्री का शेयरों पर निगेटिव इफेक्ट दिखा। पहले तो खरीदारी के माहौल में यह 1.25% ऊपर चढ़कर ₹1344.20 की ऊंचाई तक पहुंचा लेकिन फिर इस इंट्रा-डे हाई से यह 2.90% टूटकर ₹1305.25 तक आ गया। निचले स्तर पर रिकवरी के बाद फिलहाल बीएसई पर यह ₹1311.10 पर है जोकि पिछले कारोबारी दिन के क्लोजिंग प्राइस ₹1327.60 से 1.24% नीचे है।

United Spirits से किसने खरीदी IPL की RCB फ्रेंचाइजी?

यूनाइटेड स्पिरिट्स ने अपनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को ₹16,600 करोड़ ($178 करोड़) में बेचने का सौदा पूरा कर लिया है। यह बोली आदित्य बिड़ला ग्रुप (Aditya Birla Group), ब्रुकफील्ड (Brookfield), टाइम्स इंटरनेट (Times Internet) और बोल्ट वेंचर्स (Bolt Ventures) के कंसोर्टियम ने जीती। यह डील एनालिस्ट्स के अनुमान के मुताबिक $150-$200 करोड़ के वैल्यूएशन पर हुई। RCB का मौजूदा वैल्यूएशन यूनाइटेड स्पिरिट्स के मंगलवार के क्लोजिंग के अनुसार कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन (₹96,563 करोड़) का करीब 17% है।

आरसीबी की बिक्री से अब आईपीएल की अन्य फ्रेंचाइजी और उनकी लिस्टेड कंपनियां भी सुर्खियों में आ गई हैं, खासतौर से सन टीवी, जो सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन है। सनराइजर्स हैदराबाद का वैल्यूएशन सन टीवी के कुल मार्केट कैप का करीब 65% है। एक और कंपनी पर मार्केट की नजरें है- आरपीएसजी वेंचर्स, जो लखनऊ सुपरजायंट्स की मालकिन है।

कैसी है आरसीबी की सेहत?

यूनाइटेड स्पिरिट्स की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2025 में RCB ने ₹504 करोड़ का रेवेन्यू और ₹186 करोड़ का ऑपरेटिंग प्रॉफिट हासिल किया। चालू वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2026 में इसने ₹478 करोड़ का रेवेन्यू और ₹225 करोड़ का EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट हासिल किया।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

यूनाइटेड स्पिरिट्स के शेयर पिछले साल 5 जून 2025 को ₹1644.90 के भाव पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल था। इस हाई लेवल से यह 9 महीने में यह 24.20% टूटकर इस महीने की शुरुआत में 2 मार्च 2026 को ₹1246.90 पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। अब आगे की बात करें तो ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए ने इसे होल्ड रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस ₹1300 फिक्स किया है।

Novus Loyalty IPO Listing: लिस्ट होते ही लोअर सर्किट, फ्लैट एंट्री के बाद ₹146 का शेयर धड़ाम

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।