Published on 02/03/2026 01:11 PM
Iran-Israel War Impact: ईरान की अमेरिका और इजरायल की लड़ाई ने जियोपॉलिटिल टेंशन बढ़ा दिया। इसके चलते मिडिल ईस्ट में काफी उथल-पुथल मची है जिसने भारत से चावल निर्यात करने वाली कंपनियों को तगड़ा शॉक दे दिया। चावल निर्यात करने वाली दिग्गज कंपनी एलटी फूड्स के शेयर करीब 8% टूट गए तो चमन लाल सेतिया एक्सपोर्ट्स (Chaman Lal Setia Exports) के शेयर 4% और केआरबीएल (KRBL) के शेयर 2% टूट गए। वहीं दूसरी तरफ घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो इनमें बिकवाली का भारी दबाव दिखा। सेंसेक्स (Sensex) 2700 प्वाइंट्स से अधिक फिसलकर 78550 के नीचे 78,543.73 तो निफ्टी 50 भी डेढ़ फीसदी से अधिक फिसलकर 24650 के नीचे 24,645.10 तक आ गया।
राइस एक्सपोर्ट्स पर क्यों भारी पड़ी मिडिल-ईस्ट की उथल-पुथल?
बासमती और गैर-बासमती, दोनों प्रकार के चावलों के लिए मिडिल ईस्ट काफी अहम बाजार है। इंडियन राइस एक्सपोर्ट्स फेडरेशन के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल और नवंबर 2025 में ईरान को ₹4049 करोड़ का बासमती चावल निर्यात हुआ था तो सऊदी अरब को इससे भी अधिक ₹5217 करोड़ का बासमती चावल भेजा गया था। इस दौरान कुवैत को ₹1098 करोड़ का तो इजरायल को ₹381 करोड़ का बासमती चावल निर्यात हुआ था। वहीं गैर-बासमती चावल की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2025 यानी कि चालू वित्त वर्ष 2026 के पहले नौ महीने में सऊदी अरब को ₹631 करोड़, ईरान को ₹21.75 करोड़ और इजरायल को ₹15.57 करोड़ का चावल निर्यात हुआ था।
मिडिल ईस्ट दिग्गज एक्सपोर्टर्स के लिए काफी अहम है। केआरबीएल को बासमती चावल के निर्यात से जितना रेवेन्यू हासिल होता है, उसमें से करीब 61% तो मिडिल ईस्ट और GCC (गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल) से आता है। इस प्रकार मिडिल ईस्ट को निर्यात करने में किसी प्रकार की रुकावट आने पर तगड़ा शॉक लगता है। दावत (Daawat) ब्रांड की पैरेंट कंपनी एलटी फूड्स की बात करें तो वित्त वर्ष 2025 में इसके रेवेन्यू का करीब 9% हिस्सा मिडिल ईस्ट को निर्यात से आया।
क्या है मार्केट का हाल?
ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही जंग में दुनिया के अधिकतर बाजार झुलस पड़े। एशियाई मार्केट में बात करें तो भारतीय मार्केट औंधे मुंह गिरा पड़ा है और इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी 50 करीब 2% फिसल गए। बाकी एशियाई मार्केट की बात करें तो हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सैंग, सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स, इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट 2-2% से अधिक फिसल गया है। जापान का निक्केई 225 भी करीब 2% टूट गया। वहीं दूसरी तरफ चीन के मार्केट में रौनक दिख रही है और शंघाई कंपोजिट में आधे फीसदी के करीब बढ़त है। दक्षिण कोरिया के स्टॉक मार्केट में आज कारोबार बंद है तो मिडिल ईस्ट की आंच में झुलसने से फिलहाल यह बच गया।
Paras Defence और ideaForge जैसे Defence Stocks में 13% का जोरदार उछाल, हाहाकारी मार्केट में भी इस कारण बढ़ी चमक
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।