Published on 21/03/2026 12:21 PM
US Markets : मध्य पूर्व में लंबे समय तक युद्ध चलने की आशंका को लेकर बढ़ती चिंता के बीच,अमेरिका के प्रमुख इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सितंबर के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर आ गए हैं। कल शुक्रवार को S&P 500 इंडेक्स 1.5% की गिरावट के साथ बंद हुआ,जबकि टेक-हैवी Nasdaq 100 में 1.9% की गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट में Nvidia Corp और Micron Technology Inc की सबसे ज्यादा भागीदारी रही। ट्रेडिंग सेशन की शुरुआत में दोनों इंडेक्स 2% से ज़्यादा गिर गए थे। लेकिन बाद में इनमें कुछ रिकवरी आई।
स्मॉल-कैप रसेल 2000 इंडेक्स 2% नीचे गिर गया। जनवरी के शिखर से यह इंडेक्स 10% से ज़्यादा गिर गया है और करेक्शन ज़ोन में चला गया है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें बढ़कर $112 हो गईं है। जबकि Cboe वोलैटिलिटी इंडेक्स बढ़कर लगभग 27 पर पहुंच गया।
मध्य पूर्व में संघर्ष के लंबे खिंचने के डर के कारण शेयर बाज़ार में गिरावट आई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि वह ईरान के साथ युद्धविराम नहीं चाहते। इससे युद्ध के जल्द समाधान की उम्मीदें और भी धूमिल हो गईं।
इससे पहले शुक्रवार को CBS की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि अमेरिका ईरान में ज़मीनी सैनिकों की तैनाती की तैयारी कर रहा है। जैसे-जैसे युद्ध तीन हफ़्ते पूरे होने के करीब पहुंच रहा है,ट्रेडर इस पर बारीकी से नज़र रखे हुए हैं कि क्या यह संघर्ष चार हफ़्तों में समाप्त हो जाएगा। बता दें कि यह वही समय-सीमा है जिसे ट्रंप ने पहले तय किया था।
वेल्स फार्गो एंड कंपनी के चीफ इक्विटी स्ट्रेटेजिस्ट ओहसुंग क्वोन ने कहा कि बाज़ार एक लंबे युद्ध और सप्लाई चेन में लंबे समय तक रुकावट के कारण पैदा होने वाली समस्या को लेकर चिंतित है।
शुक्रवार को,अलग-अलग शेयरों,इंडेक्स और एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड से जुड़े लगभग $5.7 ट्रिलियन के नोटेशनल ऑप्शन की एक्सपायरी हो गई। इस तिमाही इवेंट को ट्रेडरों की भाषा में "ट्रिपल-विचिंग" कहा जाता है। ट्रिपल-विचिंग की वजह से कीमतों में अचानक उतार-चढ़ाव होता है,क्योंकि डेरिवेटिव एक्सपोज़र के बड़े-बड़े पूल अचानक एक्सपायर हो जाते हैं। Citigroup Inc. के 1996 से अब तक के डेटा के मुताबिक,शुक्रवार को हुई यह एक्सपायरी मार्च महीने की अब तक की सबसे बड़ी एक्सपायरी थी।
गुरुवार को US इक्विटी बेंचमार्क अपने 200 डे मूविंग एवरेज से नीचे बंद हुआ। 200 डे मूविंग एवरेज बाज़ार के ओवरऑल हेल्थ का एक अहम लेवल होता है।
Global Markets: मध्य पूर्व में उथल-पुथल से महंगाई बढ़ने का डर, वॉल स्ट्रीट में आई गिरावट
Nationwide के चीफ मार्केट स्ट्रेटेजिस्ट मार्क हैकेट का कहना है कि बाजार का 200 डे मूविंग एवरेज से नीचे जाना बड़ी चिंता की बात है। यह गिरावट सिर्फ एक दिन की बात नहीं, बल्कि यह अगले कुछ हफ्तों तक अपना असर दिखा सकती है।
ग्लोबल मार्केट के निवेशकों का कॉन्फिडेंस अब कमजोर होने लगा है। गोल्डमैन सैक्स ग्रुप इंक.के ट्रेडिंग डेस्क का कहना है कि जिन ग्राहकों को पहले ईरान युद्ध के जल्द खत्म होने की उम्मीद थी,उन्हें अब संदेह होने लगा है।
ईरान अरब देशों पर हमले जारी रखे हुए है,जबकि इज़राइल ने संकेत दिया है कि वह ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करने से परहेज़ करेगा। Axios की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका,तेहरान पर होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का दबाव बनाने के लिए ईरान के प्रमुख ऑयल एक्पोर्ट हब 'खर्ग आइलैंड'पर कब्ज़ा करने की योजनाओं पर विचार कर रहा है। लेकिन ईरान इस स्ट्रेट को फिर से खोलने पर बातचीत करने के लिए तैयार नहीं है,क्योंकि उसका पूरा ध्यान अमेरिका और इज़राइल के हमलों के बीच खुद को बचाए रखने पर केंद्रित है।
सीबर्ट फाइनेंशियल के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफीसर मार्क मालेक ने कहा,“मुझे लगता है कि बाज़ार अभी इस सच्चाई को समझने लगा है कि तेल-गैस की कीमतें लंबे समय तक ऊंचे स्तरों पर बनी रह सकती है।”
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।