Published on 08/07/2025 04:07 PM
US Tariff News: पूरी दुनिया में अपने टैरिफ से हड़कंप मचाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय समयानुसार कल रात 9.30 बजे के बाद विश्व भर के कई देशों पर नये टैरिफ को लेकर चिट्ठी जारी की। पहले कुल 15 देशों के लिए चिट्ठी जारी होने वाली थी । लेकिन कल रात को भारत को छोड़कर केवल 14 देशों को चिट्ठी जारी की गई। इन देशों को टैरिफ के बारे चिट्ठी जारी करने के बाद आज रात भारत के साथ मिनी डील का ऐलान होने की संभावना है। हमारे सहयोगी चैनल CNBC-आवाज को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक दोनों देशों ने मिनी ट्रेड डील का मसौदा साझा कर लिया है।
इस खबर ज्यादा जानकारी देते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के लक्ष्मण रॉय ने कहा कि सूत्र बता रहे हैं कि आज रात में टैरिफ पर भारत के साथ अमेरिका मिनी डील कर सकता है। रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच इसका ऐलान हो सकता है। डील को लेकर इसका मसौदा भी तैयार किया जा चुका है। दोनों देशों ने ट्रेड डील का मसौदा शेयर किया है। रात को डील के बाद दोनों देशों की तरफ से एक साझा बयान भी जारी हो सकता है।
लक्ष्मण ने आगे कहा कि सूत्र बता रहे हैं कि इस डील से एग्री फूड प्रोसेसिंग के अधिकांश प्रोडक्ट बाहर रह सकते हैं। इसके साथ ही इस डील के तहत भारतीय लेदर, टेक्सटाइल्स, जेम्स ज्वेलरी प्रोडक्ट्स पर छूट मिलने की संभावना है। वहीं अमेरिका के कई इंडस्ट्रियल गुड्स पर इंपोर्ट ड्यूटी जीरो हो सकती है।
उन्होंने कहा कि डील को लेकर अमेरिका की तरफ से एकतरफा चिट्ठी जारी होने की संभावना कम है। माना जा रहा है कि दोनों तरफ से साझा बयान जारी किया जा सकता है। लेकिन जिस तरह चीन से आने वाले सामानों पर अमेरिका द्वारा सख्ती दिखाई गई है। कुछ उसी तरह का इशारा भारत के साथ मिनी डील में होता हुआ भी दिखाई दे सकता है।
वहीं अमेरिका द्वारा पहले घोषित 10 प्रतिशत बेसलाइन टैरिफ व्यापार समझौते के बाद भी जारी रहेगा। लेकिन कपड़ा, परिधान और चमड़ा उत्पादों जैसे लेबर इंटेसिव सेक्टर में समझौते के हिस्से के रूप में टैरिफ दरों में कमी देखी जा सकती है।
Tags: #share marketsFirst Published: Jul 08, 2025 3:33 PMहिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।