Published on 07/01/2026 01:49 PM
Venezuela Stock Market: वेनेजुएला के शेयर बाजार में मंगलवार 6 जनवरी को ऐतिहासिक तेजी देखने को मिला। कराकस स्टॉक एक्सचेंज का IBC इंडेक्स एक ही दिन में करीब 50 प्रतिशत तक उछल गया। यह तेजी अमेरिका की ओर से की गई सैन्य कार्रवाई और लंबे समय से सत्ता पर काबिज राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद देखने को मिली। इससे पहले सोमवार को भी IBC इंडेक्स में अमेरिकी कार्रवाई के बाद जोरदार खरीदारी देखने को मिली। IBC इंडेक्स सोमवार को करीब 16 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ था।
वेनेजुएला के शेयर बाजार के हालिया चाल को देखें, तो ऐसा लगता है कि निवेशकों ने शायद अमेरिकी कार्रवाई की आशंका को पहले ही भांप लिया था। दरअसल, 29 दिसंबर (सोमवार) को ही वेनेजुएला का शेयर बाजार 22 प्रतिशत उछल चुका था। इसके बाद नए साल की छुट्टी के बाद जब 2 जनवरी (शुक्रवार) को ट्रेडिंग शुरू हुई, तब इंडेक्स में 7 प्रतिशत की और तेजी देखने को मिली।
इसी बीच शुक्रवार और शनिवार की रात अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला किया और उसके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया। मादुरो पर अमेरिका में नार्को-आतंकवाद समेत कई गंभीर आरोपों में मुकदमा चलाया जाना है।
जनवरी के अब तक सिर्फ तीन ट्रेडिंग दिन में ही IBC इंडेक्स कुल मिलाकर 87 प्रतिशत उछल चुका है। बीते साल की बात करें तो नवंबर 2025 को छोड़कर इंडेक्स हर महीने बढ़त के साथ बंद हुआ था। पूरे साल 2025 में वेनेजुएला शेयर बाजार ने करीब 1,644 प्रतिशत का चौंकाने वाला रिटर्न दिया।
मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, वेनेजुएला का यह शेयर बाजार इंडेक्स 2018 से एक्टिव रूप से ट्रैक किया जा रहा है। 2019 में इसमें करीब 4,400 प्रतिशत और 2020 में 1,380 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई थी। इसके बाद अगले चार सालों में भी इस इंडेक्स ने हर साल कम से कम 100 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। 2024 में भी इंडेक्स करीब 106 प्रतिशत चढ़ा था।
यह भी ध्यान देने वाली बात है कि जब 2018 में इंडेक्स ने ट्रेडिंग शुरू की थी, तो यह 0 पर शुरू हुआ था। 2025 की शुरुआत में यह करीब 120 के आसपास था और अब यह हालिता तेजी के बाद 4,000 के स्तर पर पहुंच गया है। कराकस स्टॉक इंडेक्स में वेनेजुएला की 15 सबसे अधिक लिक्विड और सबसे ज्यादा मार्केट कैप वाली कंपनियां शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- Share Market Down: शेयर बाजार में इन 3 कारणों से गिरावट; सेंसेक्स 300 अंक टूटा, निफ्टी 26100 के नीचे
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। बसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।