Published on 16/03/2026 11:10 AM
Varun Beverages Shares: घरेलू स्टॉक मार्केट में उठा-पटक के बीच वरुण बेवरेजेज के शेयरों ने आज खूब धमाल मचाया। पेप्सिको (Pepsico) की सबसे बड़ी बॉटलिंग कंपनियों में शुमार वरुण बेवरेजेज के शेयर एक कारोबारी दिन पहले टूटकर एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर तक आ गए थे और अब आज यह 3% से अधिक उछल पड़ा। आज की जो जोरदार तेजी आई है, वह वैश्विक ब्रोकरेज फर्म बोफा सिक्योरिटीज के बुलिश रुझान के चलते आई। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में बना हुआ है।
फिलहाल बीएसई पर यह 1.31% की बढ़त के साथ ₹406.60 पर है। इंट्रा-डे में यह 3.75% उछलकर ₹416.40 तक पहुंच गया था। इसके शेयर जनवरी और फरवरी में कमजोर हुए थे और इस महीने भी अब तक यह कमजोर स्थिति में ही है। इससे पहले यह अप्रैल-जून 2025 में यह लगातार तीन महीने कमजोर हुआ था।
Varun Beverages पर क्यों है ब्रोकरेज बुलिश?
बोफा सिक्योरिटीज ने वरुण बेवरेजेज को ₹550 के टारगेट प्राइस के साथ खरीदारी की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म ने अपने नोट में जिक्र किया है कि इस कंपनी के लिए रिस्क-रिवार्ड फेवरेबल है क्योंकि इसमें अच्छी कमाई की काफी संभावनाएं हैं। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक इसका मौजूदा वैल्यूएशन फिलहाल ऐतिहासिक एवरेज से कम और पियर्स के मुकाबले भी कम है जो इसे आकर्षक बना रहा है। साथ ही एक और पॉजिटिव ये है कि भारत में गर्मियों की चरम मांग को पूरा करने और कड़े कॉम्पटीशन का सामना करने के लिए वरुण बेवरेजेज अपने पोर्टफोलियो को मजबूत कर रहा है। ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी का विदेशी कारोबार स्थिर है और लॉन्ग-टर्म गेन्स स्नैक्स, बियर्स और केन्या में एंट्री पर निर्भर हैं।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
वरुण बेवरेजेज के शेयरों ने निवेशकों को करारा झटका दिया है। पिछले साल 17 अप्रैल 2025 को बीएसई पर यह ₹568.50 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। हालांकि शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से यह 11 ही महीने में 29.53% टूटकर 13 मार्च 2026 को ₹400.60 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके शेयरों के आगे के चाल की बात करें तो इसे कवर करने वाले 29 एनालिस्ट्स में से किसी ने भी बेचने की सलाह नहीं दी है। इसे कवर करने वाले 26 एनालिस्ट्स ने खरीदारी की रेटिंग दी है तो तीन ने होल्ड रेटिंग दी है।
IDBI Bank धड़ाम, इस कारण विनिवेश योजना हुई रद्द तो 15% टूट गए शेयर
CMPDI IPO: Coal India की कंपनी होगी लिस्ट, आईपीओ में निवेश से पहले समझ लें ये 10 अहम बातें
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।