News Image
Money Control

Vodafone Idea का शेयर 5% तक उछला; JSW, ST Telemedia के निवेश कर सकने की खबर से बढ़ी खरीद

Published on 16/03/2026 11:30 AM

टेलिकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) के लिए 16 मार्च का दिन अच्छा बीत रहा है। शुरुआती कारोबार में ही शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 5 प्रतिशत तक चढ़कर BSE पर 9.74 रुपये के हाई तक गई। कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये के पार चला गया है। दरअसल ऐसी रिपोर्ट है कि कई डोमेस्टिक और ग्लोबल इनवेस्टर कंपनी में पैसा लगाने की सोच रहे हैं। इन इनवेस्टर्स में JSW Group, सिंगापुर की ST Telemedia, अमेरिका की Tillman Global Holdings भी शामिल हैं।

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कहा जा रहा है कि बातचीत शुरुआती दौर की है और अभी यह कहा नहीं जा सकता कि डील होनी पक्की है। Vodafone Idea का मैनेजमेंट 16-17 मार्च को सिंगापुर और हांगकांग में संस्थागत निवेशकों से मुलाकात करेगा।

ऐसी भी खबर है कि सरकार एक ऐसे रणनीतिक निवेशक की तलाश में है, वोडाफोन आइडिया में नई पूंजी डाल सके और इसे चलाने में मदद कर सके। कंपनी अभी भी भारी कर्ज में है। इसमें सरकार के पास 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है। प्रमोटर आदित्य बिड़ला ग्रुप और वोडाफोन ग्रुप Plc के पास क्रमशः 9.5 प्रतिशत और 16.07 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सरकार कंपनी में इक्विटी होल्डर जरूर है, लेकिन मैनेजमेंट में नहीं हैं। साथ ही सरकार वोडाफोन आइडिया में अपनी हिस्सेदारी 49 प्रतिशत से ज्यादा नहीं बढ़ाना चाहती।

Vodafone Idea अभी 30 से ज्यादा शहरों में दे रही 5G सेवाएं

वोडाफोन आइडिया के लिए नई पूंजी बहुत जरूरी मानी जा रही है, क्योंकि कंपनी अपने 5G नेटवर्क को बढ़ाना चाहती है और बाजार में अपनी घटती हिस्सेदारी को थामना चाहती है। कंपनी अभी 30 से ज्यादा शहरों में 5G सेवाएं दे रही है, लेकिन प्रतिद्वंद्वी एयरटेल और जियो के मुकाबले इसका विस्तार अभी भी सीमित है। वोडाफोन आइडिया भारत में लगभग 17 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम ऑपरेटर है।

कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर एक साल में 35 प्रतिशत चढ़ा है। एक महीने में लगभग 18 प्रतिशत टूटा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 12.80 रुपये और एडजस्टेड लो 6.12 रुपये है।

AGR बकाया में मिल चुकी है ये राहत

इस साल की शुरुआत में कर्ज में डूबी वोडाफोन आइडिया ने कहा था कि टेलीकॉम डिपार्टमेंट ने वित्त वर्ष 2006-2007 से लेकर वित्त वर्ष 2018-2019 तक की अवधि के लिए कंपनी का AGR बकाया फ्रीज कर दिया है। AGR से जुड़े कुल बकाया में मूल राशि, ब्याज, जुर्माना और जुर्माने पर ब्याज शामिल है। इस बकाए को 3 चरणों में चुकाया जाएगा। पहले चरण में कंपनी को मार्च 2026 से मार्च 2031 के बीच अगले छह वर्षों तक हर साल अधिकतम 124 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा। दूसरे चरण में मार्च 2032 से मार्च 2035 तक चार वर्षों के लिए हर साल 100 करोड़ रुपये चुकाने होंगे। इसके बाद बचे बकाया AGR को मार्च 2036 से मार्च 2041 के बीच छह समान सालाना किश्तों में चुकाया जाएगा।

Bajel Projects Share Price: ₹700 करोड़ से ज्यादा के ऑर्डर ने दिया बूस्ट, बंपर खरीद से शेयर 14% तक भागा

कंपनी की वित्तीय सेहत

कंपनी का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट लॉस घटकर 5,286 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले नेट लॉस 6,609 करोड़ रुपये था। वोडाफोन आइडिया का सब्सक्राइबर बेस सालाना आधार पर 3.4 प्रतिशत कम होकर 19.29 करोड़ रह गया। दिसंबर 2024 तिमाही में कंपनी के 19.98 करोड़ सब्सक्राइबर थे।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।