Published on 25/03/2026 06:46 PM
जीरोधा के को-फाउंडर नितिन कामत ने इनवेस्टर्स को रिटर्न के पीछे भागने से सावधान किया है। उन्होंने कहा है कि यह ऐसा ग्लोबल मार्केट है, जो बहुत ज्यादा कमजोर है। इस मार्केट में एसेट्स की कीमतें इकलौते राजनीतिक व्यक्ति के फैसले पर निर्भर हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिए बगैर उन्होंने बाजार के मौजूदा माहौल को लेकर अपनी राय व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बारे में एक पोस्ट किया है।
इकलौते व्यक्ति के फैसलों से कीमतें चढ़ और उतर रहीं
कामत ने पोस्ट में लिखा है कि शेयर बाजार में अभी जो माहौल है, उसमें प्रॉफिट कमाने से ज्यादा जरूरी पैसे को डूबने से बचाना है। 'इकलौते व्यक्ति' की पॉलिसी और उससे जुड़े संकेतों की वजह से दुनियाभर में एसेट्स की कीमतों में उतार-चढ़ाव दिख रहा है। इनमें शेयरों से लेकर क्रूड ऑयल तक शामिल हैं। उनका संकेत क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल और शेयर बाजार में गिरावट से है। 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल और ईरान की लड़ाई शुरू होने के बाद से क्रूड की कीमतों में आग लगी है, जबकि शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई है।
दोनों पोजीशंस वाले ट्रेडर्स को हो रहा लॉस
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है, "यह अजीब बात है कि हम ऐसे समय में है जब पूरा ग्लोबल फाइनेंशियल मार्केट्स किसी व्यक्ति की सोच और इच्छा पर निर्भर है-यह व्यक्ति जो चाहता है वह करता है।" उन्होंने कहा है कि मार्केट में बार-बार उतार-चढ़ाव से दोनों तरह की पोजीशन वाले ट्रेडर्स को नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने ट्रेडर्स को पोजीशन घटाने, रिस्क कम लेने और ओवरनाइट दांव (bets) से बचने की सलाह दी है।
It's crazy that we live in a time when the entire global financial market seems to be at the whim and fancy of what one person decides to do — and he can, and does, do whatever he wants depending on which side of the bed he wakes up on.
मुनाफा बनाने के लिए मौके का इंतजार करना चाहिए
जीरोधा के को-फाउंडर ने कहा है, "अभी कम पैसे से ट्रेड करना सबसे जरूरी है...और आपको उस मौके का इंतजार करना चाहिए जब आप वास्तव में पैसे बना सकते हैं।" उन्होंने शेयर मार्केट के कैलेंडर के बारे में कहा है कि आने वाले एक हफ्ते में बाजार में तीन छुट्टियां हैं। 26 मार्च को रामनवमी की छुट्टी है। 31 मार्च को महावीर जयंती की छुट्टी है। 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी है। छुट्टियों की वजह से खबरों का असर बाजार पर तुरंत नहीं दिखेगा। उसके बाद दिखेगा।
छुट्टियों वाले हफ्ते में स्क्रीन से दूर रहने में फायदा
उन्होंने मौजूदा माहौल में ट्रेडिंग के दौरान मनोवैज्ञानिक दबाव के बारे में भी बताया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है, "ट्रेडिंग स्वभाव से अकेलेपन वाली एक्टिविटी है। जब आपको लगातार प्रॉफिट और लॉस के बारे फीडबैक मिलता रहता है तो इसका आपके दिमाग पर असर पड़ता है।" उन्होंने लंबे वीकेंड से पहले स्क्रीन (ट्रेडिंग) से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि तेजी से बदलते लाल और हरे रंगों के बीच खुद को स्क्रीन से दूर रखना सबसे सही फैसला हो सकता है।
यह भी पढ़ें: HDFC Bank News: आरबीआई ने एचडीएफसी बैंक से बोर्ड मीटिंग्स की डिटेल जानकारी मांगीहिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।