Published on 01/02/2026 10:54 AM
Hindustan Zinc Share Price: पिछले हफ्ते शुक्रवार को दुनिया भर में चांदी में एक ही दिन की सबसे बड़ी गिरावट आई। इसका असर सिर्फ चांदी के ही निवेशकों पर नहीं बल्कि इससे जुड़ी घरेलू मार्केट में लिस्टेड हिंदुस्तान जिंक के शेयरों पर भी पड़ा। आज इंट्रा-डे के निचले स्तर के हिसाब से हिंदुस्तान जिंक के शेयरों ने महज दो ही कारोबारी दिनों में करीब 24% पूंजी डुबो दी। इसमें से तो 13% से अधिक गिरावट तो आज आई है। फिलहाल बीएसई पर यह 8.99% की गिरावट के साथ ₹572.30 पर है। इंट्रा-डे में यह 13.14% टूटकर ₹546.25 तक आ गया था। बता दें कि हिंदुस्तान जिंक देश में इकलौती लिस्टेड सिल्वर प्ले है।
शुक्रवार की गिरावट से पहले Hindustan Zinc था सबसे अधिक वैल्यू वाला Metal Stock
शुक्रवार को हिंदुस्तान जिंक के शेयरों में 13% की गिरावट आई थी जो इसके शेयरों के लिए जनवरी 2008 के बाद से इंट्रा-डे की सबसे बड़ी गिरावट थी। इसके चलते कंपनी के मार्केट कैप को करीब ₹36 हजार करोड़ का झटका लगा। इस गिरावट से पहले हिंदुस्तान जिंक देश में सबसे अधिक वैल्यू वाला मेटल स्टॉक था जिसका मार्केट कैप ₹3 लाख करोड़ के पार पहुंच गया था। अब इसका मार्केट करीब ₹2.41 लाख करोड़ है। चांदी की कीमतों में ताबड़तोड़ रैली के चलते हिंदुस्तान जिंक के शेयर शुक्रवार की गिरावट से पहले महज दो ही महीने में करीब 60% ऊपर चढ़ चुके थे।
कैसी है हिंदुस्तान जिंक की कारोबारी सेहत?
हिंदुस्तान जिंक के लिए चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 धमाकेदार रही। दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी फिर से नेट कैश पॉजिटिव हो गई। नेट सिल्वर रियलाइजेशंस सालाना आधार पर प्रति औंस $31.4 से $54.7 पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का स्टैंडएलोन लेवल पर शुद्ध मुनाफा 46.5% बढ़कर ₹3879 करोड़ और ऑपरेशनल रेवेन्यू 27.6% उछलकर ₹10,922 करोड़ पर पहुंच गया। कंसालिडेटेड लेवल पर बात करें तो चांदी से कंपनी का रेवेन्यू 82% से अधिक उछलकर ₹2,676 पर पहुंच गया।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
हिंदुस्तान जिंक के शेयर पिछले साल 3 मार्च 2025 को ₹378.65 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह 9 ही महीने में 93.45% उछलकर 28 जनवरी को ₹378.65 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इसके शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो दिसंबर 2025 के आखिरी में इसमें प्रमोटर के तौर इसकी लिस्टेड पैरेंट कंपनी वेदांता की 61.84% हिस्सेदारी थी तो 40 म्यूचुअल फंडों की 1.07%। विदेशी निवेशकों की हिंदुस्तान जिंक में 1.54% तो ₹2 लाख तक के निवेश वाले यानी 7,67,287 खुदरा निवेशकों की 2.96% हिस्सेदारी थी।
स्टॉक मार्केट में आज बजट के दिन लाइव अपडेट्स के लिए यहां जुड़ें
बजट से जुड़े लाइव अपडेट्स के लिए यहां जुड़ें
Cigarette Stocks: Budget के दिन से लागू यह नियम पड़ा भारी, ITC और Godfrey Phillips के शेयर धड़ाम
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।