News Image
Money Control

Gold Silver Prices: ₹6000 सस्ता हुआ सोना, चांदी ₹16000 फिसली; जानिए किस वजह से आई बड़ी गिरावट

Published on 19/03/2026 02:30 PM

Gold Silver Prices: सोने और चांदी में गुरुवार, 19 मार्च को बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का रेट 4% और चांदी 7% से ज्यादा फिसल गई। इसकी बड़ी वजह मजबूत अमेरिकी डॉलर और ऊंची ब्याज दरों को लेकर बनी चिंता रही।

MCX पर सोना और चांदी के भाव

MCX पर सोना दोपहर 2.15 बजे तक 4.04% यानी ₹6000 से ज्यादा गिरकर ₹1,46,859 पर था। वहीं, चांदी 7.60% यानी ₹18000 से ज्यादा टूटकर ₹2,29,321 पर आ गई।

सोने और चांदी में यह गिरावट ईरान युद्ध गहराने के बाद आई है। इजरायल ने ईरान के फ्यूल ठिकानों को निशाना बनाया। इसके जवाब में ईरान ने कतर के गैस प्लांट पर हमला किया।

सोने-चांदी में गिरावट की वजह

सोना और चांदी पर दबाव की सबसे बड़ी वजह मजबूत डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व का सख्त रुख है। फेड ने बुधवार को ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। साथ ही, संकेत दिया है कि इस साल ब्याज दरों में कटौती की संभावना सीमित हो सकती है।

जब ब्याज दरें ऊंची रहती हैं, तो सोना और चांदी में निवेशकों की दिलचस्पी कम हो जाती है। क्योंकि इनसे डिविडेंड या ब्याज जैसी नियमित आय नहीं होती।

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद डॉलर इंडेक्स भी मजबूत हुआ है। ऐसे समय में निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर डॉलर की ओर ज्यादा रुख करते हैं। इससे सोने की कीमतों पर दबाव बनता है।

क्या आगे भी गिरेंगे दाम

एक्सपर्ट का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव सोने की कीमतों में बहुत बड़ी गिरावट नहीं आने देगा। ईरान और इजराइल के बीच एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की खबरों से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है।

ब्रेंट क्रूड 111 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया है। इससे महंगाई बढ़ने और वैश्विक आर्थिक ग्रोथ धीमी होने की चिंता भी बढ़ गई है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि भू-राजनीतिक अनिश्चितता और महंगाई का जोखिम सोने की कीमतों को सहारा दे रहा है।

VT Markets के ग्लोबल स्ट्रैटेजी ऑपरेशंस लीड रॉस मैक्सवेल के मुताबिक, सोने को महंगाई की चिंता, बढ़ते सरकारी कर्ज और वैश्विक अनिश्चितता से सपोर्ट मिल रहा है। हालांकि उनका मानना है कि सोने की तेजी का बड़ा हिस्सा पहले ही कीमतों में शामिल हो चुका है।

केंद्रीय बैंकों की खरीद से सपोर्ट

सोने को एक और मजबूत सपोर्ट दुनिया के कई केंद्रीय बैंकों की खरीद से मिल रहा है। इसके अलावा इक्विटी और करेंसी बाजारों में आने वाली अस्थिरता भी समय-समय पर सोने की मांग को बढ़ाती है।

हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर वास्तविक ब्याज दरें ऊंची रहती हैं, डॉलर मजबूत रहता है और आर्थिक हालात स्थिर रहते हैं, तो सोने की कीमतों में बहुत ज्यादा उछाल की उम्मीद भी नहीं रहेगी।

भारत में त्योहार और शादी का सीजन

भारत में गुड़ी पड़वा के कारण सोने की मांग मजबूत रहने की उम्मीद है। यह त्योहार सोना खरीदने के लिए शुभ माना जाता है। जेम एंड ज्वैलरी काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन राजेश रोकड़े के मुताबिक, गुड़ी पड़वा के मौके पर देशभर के ज्वैलर्स अच्छी बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं। भले ही सोने की कीमतें अभी ऊंचे स्तर पर हैं।

उन्होंने कहा कि इस त्योहार पर सोना खरीदना परंपरा से जुड़ा है और लोग इसे समृद्धि और शुभता का प्रतीक मानते हैं। कीमतें ज्यादा होने के बावजूद ग्राहक हल्के गहने, नए डिजाइन और डायमंड जड़े ज्वैलरी जैसे विकल्प चुन सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शादी का सीजन और त्योहारों की खरीदारी मिलकर सोने की मांग को बनाए रखने में मदद करेंगे।

Silver Price Today: आज पहले नवरात्रि के दिन सस्ती हुई चांदी, जानिये 19 मार्च का सिल्वर रेट

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।