News Image
Money Control

Krupalu Metals IPO Listing: लिस्ट होते ही लोअर सर्किट, ₹72 के शेयर ने पहले ही दिन डुबो दी 24% पूंजी

Published on 16/09/2025 10:03 AM

Krupalu Metals IPO Listing: तांबे और पीतल के चद्दर, पट्टियां और छड़ इत्यादि बनाने वाली क्रुपालु मेटल्स के शेयरों की आज BSE SME पर भारी डिस्काउंट के साथ एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 2 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹72 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹57.60 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई  लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि लिस्टिंग पर 20% पूंजी ही घट गई। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब लिस्टिंग के बाद शेयर और नीचे आए। टूटकर यह ₹54.72 (Krupalu Metals Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 24% घाटे में हैं।

Krupalu Metals IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

क्रुपालु मेटल्स का ₹13.48 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 8-11 सितंबर तक खुला था। यह आईपीओ ओवरऑल 2.96 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 6.45 गुना और बाकी खुदरा निवेशकों का हिस्सा 1.85 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 18.72 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹5.18 करोड़ अतिरिक्त प्लांट और मशीनरी की खरीदारी, ₹5.70 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे इश्यू से जुड़े खर्चों और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Krupalu Metals के बारे में

वर्ष 2012 में बनी क्रुपालु मेटल्स पीतल और तांबे के सामान बनाती है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी गुजरात के जामनगर में है। यह पीतल की चद्दर और पट्टियां, पीतल और तांबे की छड़, शीट मेटल के पार्ट्स इत्यादि बनाती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।

वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹42 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹1.55 करोड़ और वर्ष 2025 में ₹2.15 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना 20% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹48.50 करोड़ पर पहुंच गई।

इस दौरान कंपनी पर कर्ज वित्त वर्ष 2023 के आखिरी में ₹7.44 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 के आखिरी में ₹9.57 करोड़ से वित्त वर्ष 2025 के आखिरी में ₹8.37 करोड़ पर आ गया। इस दौरान रिजर्व और सरप्लस की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 के आखिरी में यह ₹16 लाख और वित्त वर्ष 2024 के आखिरी में ₹1.66 करोड़ से वित्त वर्ष 2025 के आखिरी में ₹8.37 करोड़ पर पहुंच गया।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।Tags: #IPO #share marketsFirst Published: Sep 16, 2025 10:03 AMहिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।