Published on 17/02/2026 10:31 AM
Ola Electric Shares: ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयरों में आज 17 फरवरी को भी गिरावट जारी रही। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 3 प्रतिशत तक टूटकर 27.36 रुपये के स्तर तक आ गए। यह इस शेयर का नया 52-वीक लो है। यह लगातार चौथा दिन है जब शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहा है। पिछले छह कारोबारी दिनों में स्टॉक सिर्फ एक दिन ही बढ़त में बंद हुआ है। पिछले एक महीने में इसमें करीब 21 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।
ब्रोकरेज की कटौती से बढ़ा दबाव
इस गिरावट की बड़ी वजह ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म सिटी (Citi) की रिपोर्ट है। सिटी ने शेयर की रेटिंग ‘Buy’ से घटाकर ‘Sell’ कर दी है। साथ ही इसके टारगेट प्राइस को पहले के 55 रुपये से 51 प्रतिशत घटाकर 27 रुपये कर दिया है।
सिटी का कहना है कि भारत के टू-व्हीलर बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की पैठ उम्मीद से धीमी है। पेट्रोल वाहनों पर जीएसटी कटौती के बाद कीमतों का अंतर कम हुआ है, जिससे इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) की मांग पर असर पड़ा है।
ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि कंपनी का मार्केट शेयर घटा है। इसकी वजह सर्विस से जुड़ी समस्याएं, कड़े कॉम्पिटीशन और ग्राहकों के बीच कमजोर धारणा रही है। तीसरी तिमाही के नतीजे भी अनुमान से कमजोर रहे, क्योंकि ऑपरेटिंग लीवरेज नेगेटिव रहा।
हालांकि सिटी ने माना कि कंपनी का ग्रॉस मार्जिन बेहतर हुआ है और भविष्य में ऑपरेटिंग लीवरेज से EBITDA सुधर सकता है। लेकिन प्रोडक्ट और सर्विस क्वालिटी सुधारने की कोशिशों का असर दिखने में समय लग सकता है।
कैश फ्लो पर चिंता
रिपोर्ट में कैश फ्लो को लेकर भी चिंता जताई गई है। नौ महीने (FY26) में फ्री कैश फ्लो माइनस 1,530 करोड़ रुपये रहा है। ब्रोकरेज के मुताबिक कंपनी पर लगभग 700 करोड़ रुपये का नेट कर्ज है। तीसरी तिमाही के बाद कंपनी के पास करीब 2,000 करोड़ रुपये का ग्रॉस कैश है। सिटी ने अपने अनुमान घटा दिए हैं और ईवी-टू-सेल्स मल्टीपल भी 4.5 गुना से घटाकर 3.5 गुना कर दिया है।
दूसरे ब्रोकरेज की राय
कुल आठ एनालिस्ट्स इस शेयर को कवर करते हैं। इनमें से सिर्फ एक ने इस शेयर को ‘Buy’ की सलाह दे रहा है। जबकि एक ने ‘होल्ड’ की रेटिंग दी है, जबकि छह ने इसे ‘Sell’ की सिफारिश की है। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज और एमके ग्लोबल ने इस शेयर के लिए 20 रुपये का टारगेट रखा है, जो बाजार में सबसे कम है।
शेयर का प्रदर्शन
हालिया गिरावट के बाद यह शेयर लिस्टिंग के बाद बने 157 रुपये के उच्च स्तर से करीब 82 प्रतिशत टूट चुका है। आईपीओ प्राइस 76 रुपये से भी यह 60 प्रतिशत से ज्यादा नीचे है। कंपनी का मार्केट कैप घटकर करीब 12,430 करोड़ रुपये रह गया है। अपने शिखर पर यह ₹65,000 करोड़ से ज्यादा था।
सुबह 10.15 बजे के करीब, ओला इलेक्ट्रिक के शेयर करीब 2.6% की गिरावट के साथ 28 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखे। साल 2026 में अब तक इसमें करीब 25 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।
यह भी पढ़ें- Defence Stocks: सरकारी डिफेंस कंपनी के शेयर 5% उछले, रक्षा मंत्रालय से मिला ₹5,000 करोड़ का ऑर्डर
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।