News Image
Money Control

शेयर बाजार में टिक पाएगी आज की तेजी? या फिर लौटेगी भारी गिरावट? एक्सपर्ट्स से जानें

Published on 16/03/2026 06:25 PM

भारतीय शेयर बाजार आज 16 मार्च को भारी उठापटक के बाद अंत में मजबूत बढ़त के साथ बंद हुआ। पिछले दिन दिनों की लगातार गिरावट के बाद निवेशकों ने आज निचले स्तरों पर खरीदारी की, जिससे बाजार में रिकवरी देखने को मिली। कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 938.93 अंक या 1.26 प्रतिशत उछलकर 75,502.85 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 257.70 अंक या 1.11 प्रतिशत बढ़कर 23,408.80 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 75,805.27 तक पहुंच गया था।

हालांकि बाजार में आई इस तेजी को लेकर एक्सपर्ट्स अभी भी सतर्क रुख अपनाने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि केवल एक दिन की तेजी को ट्रेंड रिवर्सल नहीं माना जा सकता और इसके लिए महत्वपूर्ण तकनीकी स्तरों को पार करना जरूरी होगा।

निचले स्तरों पर खरीदारी से आई तेजी

पिछले तीन दिनों में बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली थी। इसके बाद निवेशकों ने आज निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू की। शुरुआत में निफ्टी फ्लैट खुला और शुरुआती कारोबार में फिसल गया। लेकिन बाद में कई सेक्टरों के हैवीवेट शेयरों में खरीदारी से बाजार में तेज उछाल आया।

ग्लोबस चिंताएं बरकरार

एक्सपर्ट्स का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें अभी भी बाजार के लिए जोखिम बनी हुई हैं। तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई और भारत के इंपोर्ट बिल को लेकर चिंता बढ़ रही है। ब्रेंट क्रूड की कीमत भी बढ़कर लगभग 104.4 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है।

प्रमुख रेजिस्टेंस और सपोर्ट स्तर

रेलिगेयर ब्रोकिंग के रिसर्च हेड, अजीत मिश्रा के अनुसार निफ्टी दिन के दौरान 23,000 के नीचे जाने के बाद फिर से 23,300 के ऊपर आ गया, जो बाजार के लिए पॉजिटिव संकेत है। हालांकि उन्होंने कहा कि निवेशकों को जल्दबाजी में निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए क्योंकि इंडेक्स अभी भी महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस जोन के नीचे कारोबार कर रहा है।

उनके अनुसार निफ्टी के लिए 23,600 से 23,900 का दायरा निकट अवधि में मजबूत रुकावट का काम कर सकता है। वहीं नीचे की ओर 22,900 से 23,000 का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है।

23,700 के ऊपर जाना जरूरी

SAMCO सिक्योरिटीज के टेक्निकल एनालिस्ट्स ओम मेहरा के मुताबिक 23,700 का स्तर बेहद अहम है। उनका कहना है कि इस स्तर के ऊपर स्थायी तेजी आने पर ही बाजार में मजबूत रिकवरी की पुष्टि होगी। जब तक निफ्टी इस स्तर को पार नहीं करता, तब तक मौजूदा तेजी को केवल शॉर्ट टर्म राहत रैली या “डेड कैट बाउंस” माना जा सकता है।

तकनीकी संकेत

LKP सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट, रूपक डे के अनुसार निफ्टी ने 23,000 के नीचे टिकाव नहीं दिखाया और तेजी से ऊपर आ गया। डेली चार्ट पर इंडेक्स ने “पियरसिंग लाइन” पैटर्न बनाया है, जो लंबे करेक्शन के बाद एक बुलिश रिवर्सल संकेत माना जाता है। हालांकि उन्होंने कहा कि मार्केट का सेंटीमेंट अभी भी पूरी तरह से बदला नहीं है।

उनके मुताबिक निफ्टी में निकट अवधि में 23,800 या उससे ऊपर तक रिकवरी देखने को मिल सकती है। फिलहाल 23,200 का स्तर तत्काल सपोर्ट है और इसके नीचे फिसलने पर बाजार में फिर से कमजोरी आ सकती है।

यह भी पढ़ें- Dubai Stock Markets: जंग के बीच दुबई के शेयर बाजार ने टेके घुटने! एक महीने में 21% टूटा, ‘बेयर जोन’ में पहुंचा

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।