Published on 16/03/2026 06:21 PM
Stock in Focus: रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) को NMDC लिमिटेड से नया ऑर्डर मिला है। कंपनी ने सोमवार 16 मार्च को बताया कि उसे छत्तीसगढ़ में रेलवे ट्रैक और उससे जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर के रिन्यू के लिए 95.27 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है।
कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि उसे इस प्रोजेक्ट के लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LoA) मिला है। इस प्रोजेक्ट के तहत NMDC के साइडिंग और मोबाइल इक्विपमेंट ट्रैक के परमानेंट रेलवे ट्रैक का रिफर्बिशमेंट किया जाएगा।
किरंदुल और बचैली में होगा काम
इस कॉन्ट्रैक्ट में किरंदुल और बचैली इलाके में रेलवे ट्रैक से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की मरम्मत और मेंटेनेंस का काम भी शामिल है। कंपनी के मुताबिक इस पूरे प्रोजेक्ट को 36 महीने के भीतर पूरा किया जाएगा।
कंपनी ने यह भी साफ किया है कि यह ऑर्डर एक घरेलू कंपनी की ओर से दिया गया है और RVNL के प्रमोटर या प्रमोटर ग्रुप का इस ऑर्डर देने वाली कंपनी में कोई हित नहीं है। इसलिए यह ऑर्डर रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन के दायरे में नहीं आता।
पिछले महीने भी मिला था बड़ा ऑर्डर
यह नया कॉन्ट्रैक्ट NMDC से RVNL को हाल के समय में मिले कई ऑर्डर्स में जुड़ गया है। पिछले महीने भी कंपनी को NMDC से करीब 1,978 करोड़ रुपये के कई कॉन्ट्रैक्ट मिले थे। इससे कंपनी के ऑर्डर बुक और आने वाले प्रोजेक्ट्स की पाइपलाइन को मजबूती मिली है।
तीसरी तिमाही के रिजल्ट का हाल
RVNL के तीसरी तिमाही के नतीजों की बात करें तो RVNL का रेवेन्यू 4,684 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 2.6 प्रतिशत बढ़ा है।
हालांकि कंपनी का EBITDA 8 प्रतिशत घटकर 220.8 करोड़ रुपये रह गया। इसके साथ ही EBITDA मार्जिन भी घटकर 4.7 प्रतिशत रह गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 5.2 प्रतिशत था। कंपनी के बोर्ड ने शेयरधारकों के लिए 1 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दी है।
शेयर गिरावट के साथ बंद
रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) का सोमवार 16 मार्च को शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ। NSE पर कंपनी का शेयर 1.68 प्रतिशत गिरकर 266.70 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 24.82% गिरा है। हालांकि, बीते साल में RVNL ने 813% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 55.70 हजार करोड़ रुपये है।
Share Market Rise: शेयर बाजार में बुल्स की दहाड़! इन 4 कारणों से सेंसेक्स 1,000 अंक उछला, निफ्टी 23400 के पार
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।