Published on 07/07/2025 11:03 PM
अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को गिरावट की मार झेल रहे हैं। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 525 पॉइंट या 1.2 प्रतिशत लुढ़क गया है। वहीं S&P 500, 0.9 प्रतिशत नीचे है। नैस्डेक कंपोजिट में 1 प्रतिशत की गिरावट दिख रही है। अमेरिकी बाजार में गिरावट की अहम वजह है जापान और दक्षिण कोरिया पर अमेरिकी टैरिफ का ऐलान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने जापान और दक्षिण कोरिया के अमेरिका आने वाले प्रोडक्ट्स पर 1 अगस्त से 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने के लिए दोनों देशों को लेटर भेज दिए हैं।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि अगर जापान या दक्षिण कोरिया में से कोई इस टैरिफ के जवाब में अमेरिकी सामान पर टैरिफ लगाता है तो अमेरिकी टैरिफ की दर बढ़ा दी जाएगी। ट्रंप के इस ऐलान के बाद गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट इंक और एपल के शेयर 1 प्रतिशत टूट गए। AMD और Nvidia के शेयरों में भी गिरावट है। वहीं टोयोटा मोटर और होंडा मोटर के शेयर 4 प्रतिशत तक नीचे आ गए।
48 घंटों में होने वाली हैं कई व्यापार घोषणाएं
अमेरिका की ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने सोमवार को सीएनबीसी के "स्क्वाक बॉक्स" पर कहा कि अगले 48 घंटों में कई व्यापार घोषणाएं होंगी। कुछ दिन व्यस्त रहने वाले हैं। भारत और अमेरिका के बीच मिनी ट्रेड डील भी फाइनल हो चुकी है और इसके बारे में जल्द ही आधिकारिक घोषणा हो सकती है। ट्रंप ने ब्रिक्स समूह की अमेरिका विरोधी नीतियों का साथ देने वाले देशों पर 10 प्रतिशत का एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने की भी धमकी दी है। ट्रंप की धमकी तब आई, जब ब्रिक्स समूह ने ब्राजील के रियो डि जेनेरियो में 2025 समिट के दौरान ट्रंप का नाम लिए बिना टैरिफ हाइक की निंदा की।
Dividend Stock: बुलेट बाइक वाली कंपनी देने वाली है ₹70 का डिविडेंड, रिकॉर्ड डेट की फिक्स
ब्रिक्स की स्थापना ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका ने की थी। इस समूह का पिछले साल विस्तार हुआ और इसमें इंडोनेशिया, ईरान, मिस्र, इथियोपिया और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल किया गया। नए सदस्य देशों के अलावा, इस समूह में 10 रणनीतिक साझेदार देश भी शामिल हैं। यह कैटेगरी पिछले साल के शिखर सम्मेलन में बनाई गई थी, जिसमें बेलारूस, क्यूबा और वियतनाम जैसे देश शामिल हैं।
जापान, साउथ कोरिया ETFs गिरे
जापान और साउथ कोरिया के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड यानि ETFs में 25 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा के बाद गिरावट आई। iShares MSCI Japan ETF 2 प्रतिशत लुढ़क गया। iShares MSCI South Korea ETF 3 प्रतिशत नीचे आया।Tags: #share marketsFirst Published: Jul 07, 2025 10:54 PMहिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।