News Image
Money Control

TTK Prestige का शेयर 8% उछला, LPG संकट की आशंका से लगातार तीसरे दिन बंपर खरीद

Published on 12/03/2026 04:16 PM

प्रेस्टीज ब्रांड की पेरेंट कंपनी TTK Prestige के शेयरों में 12 मार्च को लगातार तीसरे दिन तेजी है। शेयर BSE पर दिन में पिछले बंद भाव से 14 प्रतिशत तक उछलकर 611.50 रुपये के हाई तक गया।बाद में 8 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 579.75 रुपये पर सेटल हुआ। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही लड़ाई के कारण कुकिंग गैस सप्लाई को लेकर पैदा हुई चिंता से इंडक्शन कुकटॉप्स, इलेक्ट्रिक केतली की बिक्री बढ़ गई है। इसके चलते केवल TTK Prestige ही नहीं बल्कि कई अन्य हाउसहोल्ड अप्लायंसेज कंपनियों के शेयरों में तेजी है।

IRCTC ने एलपीजी की सप्लाई से जुड़ी चिंताओं को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर बनी कैटरिंग यूनिट्स को माइक्रोवेव और इंडक्शन स्टोव जैसे खाना पकाने के दूसरे तरीकों पर शिफ्ट होने का निर्देश दिया है। यह निर्देश ट्रेनों में कैटरिंग सेवाओं पर लागू नहीं होगा। रेलवे स्टेशनों पर कैटरिंग यूनिट्स को यह भी निर्देश है कि वे रेडी-टू-ईट फूड आइटम्स और पैक्ड फूड का पर्याप्त भंडार बनाए रखें।

TTK Prestige का शेयर 3 दिनों में लगभग 28 प्रतिशत उछल चुका है। कंपनी का मार्केट कैप 7900 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। 6 महीनों में शेयर ने 14 प्रतिशत की गिरावट देखी है। 12 मार्च को Greenchef Appliances के शेयरों में दिन में 8 प्रतिशत तक और Jaipan Industries के शेयरों में 20 प्रतिशत तक की तेजी दिखी।

इंडक्शन कुकटॉप की डिमांड 3 गुना बढ़ी

टाटा ग्रुप की क्रोमा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की डिमांड में तीन गुना बढ़ोतरी देखी गई है। टाटा डिजिटल की सब्सिडियरी और क्रोमा ब्रांड की पेरेंट कंपनी Infiniti Retail Limited के CEO और MD शिबाशीष रॉय का कहना है कि दिलचस्प बात यह है कि कस्टमर्स एक बार में कई यूनिट्स खरीद रहे हैं। यह ए​हतियात वाली खरीदारी को दर्शाता है। रॉय ने यह भी कहा कि इंडक्शन कुकटॉप्स के साथ-साथ, कंपनी ने इलेक्ट्रिक केटल्स की डिमांड में भी बढ़ोतरी देखी है। रेगुलर रन रेट के मुकाबले सेल्स लगभग डबल हो गई है। बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए क्रोमा अपने स्टोर्स और ऑनलाइन चैनलों पर पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है।

Pigeon ब्रांड वाली कंपनी स्टोवक्राफ्ट लिमिटेड का कहना है कि उसकी एवरेज वीकली ऑनलाइन सेल्स चार गुना बढ़ गई है। Amazon India के एक प्रवक्ता का कहना है, "पिछले दो दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री 30 गुना बढ़ी है, जबकि राइस कुकर और इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर की बिक्री में 4 गुना की बढ़ोतरी देखी जा रही है। एयर फ्रायर और मल्टी-यूज केटल की बिक्री में भी रेगुलर दिनों के मुकाबले 2 गुना की बढ़ोतरी देखी जा रही है। कस्टमर दिल्ली-NCR, मुंबई और बेंगलुरु के कुछ हिस्सों में मिनटों में प्रोडक्ट पाने के लिए Amazon Now का इस्तेमाल कर रहे हैं।

Enviro Infra Engineers के शेयर में बंपर तेजी, ₹411 करोड़ के प्रोजेक्ट के दम पर 11% तक चढ़ा

LPG पर पैनिक बुकिंग की जरूरत नहीं: पेट्रोलियम मंत्रालय

हालांकि पेट्रोलियम मंत्रालय के एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि LPG पर पैनिक बुकिंग की कोई जरूरत नहीं है और 2.5 दिनों का नॉर्मल डिलीवरी साइकिल बरकरार रखा जा रहा है। पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मिनिस्ट्री में जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने एक ब्रीफिंग में रिपोर्टर्स को बताया कि भारत की कच्चे तेल की सप्लाई सुरक्षित है। इसे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज रूट से अलग रूट्स से लिया जा रहा है। सरकारी उपायों से LPG प्रोडक्शन में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, वेस्ट एशिया संघर्ष के बढ़ने से एनर्जी सप्लाई में रुकावटों के कारण फिलहाल इंडस्ट्रियल और कमर्शियल कस्टमर्स को LPG सप्लाई जारी रखने में लिमिटेशन्स हैं।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।