Published on 23/10/2025 10:10 AM
Urban Company Stock Price: हाल ही में लिस्ट हुई अर्बन कंपनी लिमिटेड के शेयरों पर मॉर्गन स्टेनली और गोल्डमैन सैक्स ने कवरेज शुरू किया है। इन दोनों ब्रोकरेज का अनुमान है कि आगे शेयर में 26 प्रतिशत तक की गिरावट आएगी। मॉर्गन स्टेनली ने अर्बन कंपनी पर "अंडरवेट" रेटिंग के साथ ₹117 प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। यह मंगलवार, 21 अक्टूबर को शेयर के बंद भाव से 26% कम है। वहीं गोल्डमैन सैक्स ने "न्यूट्रल" रेटिंग के साथ ₹140 प्रति शेयर का टारगेट रखा है। यह पिछले बंद भाव से 11 प्रतिशत कम है। 21 अक्टूबर को शेयर बाजार में दिवाली के मौके पर मुहूर्त ट्रेडिंग हुई थी।
अर्बन कंपनी के शेयर 17 सितंबर 2025 को BSE और NSE पर लिस्ट हुए थे। कंपनी का 1900.24 करोड़ रुपये का IPO 108.98 गुना भरा था। अर्बन कंपनी एक टेक्नोलॉजी ड्रिवन, ऑनलाइन मार्केटप्लेस है, जो होम और ब्यूटी सर्विसेज की पेशकश करती है। प्रमोटर अभिराज सिंह बहल, राघव चंद्रा और वरुण खेतान हैं। इसके प्लेटफॉर्म पर क्लीनिंग, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिक वर्क, अप्लायंसेज रिपेयर, ब्यूटी ट्रीटमेंट और मसाज थेरेपी जैसी सर्विसेज मिलती हैं।
मॉर्गन स्टेनली को दिख रहे क्या पॉजिटिव पॉइंट्स
मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि अर्बन कंपनी की ग्रोथ पहले से ही इसके शेयर प्राइस में झलक रही है। नोट में लिखा है कि कंपनी के पास ऑनलाइन घरेलू सेवाओं का एक बड़ा बाजार है। उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2025-2028 के दौरान कोर इंडिया कंज्यूमर सर्विसेज की नेट ट्रांजेक्शन वैल्यू (NTV) 18% से 22% के बीच चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) से बढ़ेगी। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि नई "इंस्टा मेड" सर्विस को छोड़कर कंज्यूमर सर्विसेज बिजनेस मीडियम टर्म में 30% के एडजस्टेड EBITDA मार्जिन तक पहुंच जाएगा। लेकिन साथ ही इंस्टा मेड में लगातार निवेश अर्बन कंपनी की प्रॉफिटेबिलिटी पर निगेटिव इंपैक्ट डालेगा।
गोल्डमैन सैक्स के तर्क
गोल्डमैन सैक्स का भी मानना है कि कंपनी के बिजनेस मॉडल और आउटलुक की मजबूती पहले से ही कंपनी की प्रीमियम वैल्यूएशंस में झलकती है। ब्रोकरेज को वित्त वर्ष 2025-2030 में कंपनी का रेवेन्यू 24% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) से बढ़ने की उम्मीद है। अर्बन कंपनी वित्त वर्ष 2028 की अनुमानित एंटरप्राइज वैल्यू टू सेल्स के 9 गुना और वित्त वर्ष 2028 की एंटरप्राइज वैल्यू टू EBITDA के 64 गुना पर ट्रेड कर रही है। ये दोनों ही कंपनी के कॉम्पिटीटर्स की तुलना में काफी प्रीमियम पर हैं।
Urban Company का शेयर टूटा
23 अक्टूबर को अर्बन कंपनी के शेयरों में गिरावट है। BSE पर कीमत पिछले बंद भाव से 3 प्रतिशत तक टूटकर 153 रुपये के लो तक गई। कंपनी का मार्केट कैप 22100 करोड़ रुपये से ज्यादा है। प्रमोटर्स के पास सितंबर 2025 के आखिर तक 20.43 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।